बरेली

मेला घूमने गईं चार मासूम लापता, रातभर खोजती रही पुलिस, सुबह इज्जतनगर से सकुशल बरामद

बारादरी क्षेत्र से चार नाबालिग लड़कियों के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने पूरी रात सीसीटीवी खंगालते हुए तलाश अभियान चलाया। आखिरकार सुबह चारों बच्चियां इज्जतनगर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर ली गईं।

2 min read
Mar 29, 2026

बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के सिकलापुर मेले से शनिवार रात चार नाबालिग लड़कियों के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने पूरी रात सीसीटीवी खंगालते हुए तलाश अभियान चलाया। आखिरकार सुबह चारों बच्चियां इज्जतनगर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर ली गईं। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और बाल कल्याण समिति की निगरानी में बच्चियों को परिवार के सुपुर्द किया जाएगा।

गंगापुर निवासी नेहा पत्नी राहुल ने शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस को सूचना दी कि उनकी 10 वर्षीय रिद्धिमा और 7 वर्षीय महिमा सिकलापुर मेला देखने गई थीं, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटीं। उनके साथ मोहल्ले के विजय कुमार की बेटियां नायरा (10) और पलक (8) भी गई थीं, जो सभी लापता हो गईं।

तुरंत एक्शन में आई पुलिस, अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

सूचना मिलते ही थाना बारादरी पुलिस सक्रिय हो गई। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय के नेतृत्व में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर टीम गठित की गई और रात में ही चारों बच्चियों की तलाश शुरू कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें देखा गया कि नेहा की दोनों बेटियां अपने पिता राहुल के साथ जा रही हैं और उनके साथ दो अन्य लड़कियां भी हैं। इसके बाद पुलिस ने राहुल से संपर्क साधा।

पिता ने बेटियों को पहुंचाया रिश्तेदार के घर

पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है। मेला में बेटियों से मुलाकात होने के बाद वह उन्हें अपने साथ ले गया। बच्चियों ने मां द्वारा डांट-मार की शिकायत की थी, जिससे नाराज होकर राहुल उन्हें इज्जतनगर के अहलादपुर स्थित अपनी बहन-बहनोई के घर छोड़ आया। साथ गई दो अन्य बच्चियां भी वहीं रुकने की जिद करने लगीं, तो उन्हें भी वहीं छोड़ दिया गया।

सुबह 4 बजे पुलिस ने चारों को सकुशल बरामद किया

पुलिस ने परिजनों को साथ लेकर इज्जतनगर के अहलादपुर में दबिश दी और रविवार सुबह करीब चार बजे चारों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया। घटना के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि बच्चियां सुरक्षित हैं। आगे की प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर उन्हें विधिक प्रक्रिया के बाद परिवार के सुपुर्द किया जाएगा।

Also Read
View All

अगली खबर