
प्रतिकात्मक चित्र
बरेली। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बरेलीवासियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर आ गई है। अब दिल्ली जाने के लिए घंटों सड़क जाम, टोल प्लाजा और थकाऊ सफर से जूझना नहीं पड़ेगा। बरेली से दिल्ली और जेवर एयरपोर्ट के लिए सीधी उड़ानों को मंजूरी मिल गई है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने 1 जुलाई से उड़ान संचालन के लिए इंडिगो को स्लॉट जारी कर दिए हैं और ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। जैसे ही यह खबर सामने आई, कारोबारियों, नौकरीपेशा लोगों और यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
बरेली से दिल्ली के बीच पहले भी फ्लाइट सेवा संचालित हो रही थी, लेकिन कई महीने पहले इसे बंद कर दिया गया था। तभी से लोग दोबारा उड़ान शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। अब एक जुलाई से फिर बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए विमान उड़ान भरेंगे। इससे सबसे ज्यादा राहत उन व्यापारियों और यात्रियों को मिलेगी जिन्हें अक्सर दिल्ली आना-जाना पड़ता है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी की मंजूरी के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने 72 सीटर ATR विमान के लिए स्लॉट जारी कर दिए हैं। प्रति यात्री किराया करीब 4500 रुपये रखा गया है। ट्रैवल एजेंसियों के मुताबिक लोगों ने अभी से टिकट बुक कराना शुरू कर दिया है।
नई व्यवस्था के तहत मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को बरेली से दिल्ली के लिए फ्लाइट संचालित होगी। दिल्ली से फ्लाइट दोपहर 1:35 बजे उड़ान भरेगी, दोपहर 2:35 बजे बरेली पहुंचेगी, बरेली से विमान 3:00 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा और शाम 4:05 बजे दिल्ली पहुंचेगा।
दिल्ली के साथ-साथ जेवर एयरपोर्ट के लिए भी सीधी उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है। सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को यह सेवा संचालित होगी। जेवर एयरपोर्ट से सुबह 10:30 बजे फ्लाइट रवाना होगी, सुबह 11:20 बजे बरेली पहुंचेगी, बरेली से 11:05 बजे विमान उड़ान भरेगा, दोपहर 1:05 बजे जेवर एयरपोर्ट पहुंचेगा।
दिल्ली-बरेली हाईवे पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक, घंटों लगने वाले जाम और महंगे टोल से परेशान लोगों के लिए यह सेवा बड़ी राहत मानी जा रही है। अब कारोबारी, मरीज, छात्र और नौकरीपेशा लोग कुछ ही समय में दिल्ली पहुंच सकेंगे। इससे बरेली की कनेक्टिविटी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।
बरेली के ट्रैवल एजेंसी संचालक साकेत अग्रवाल ने बताया कि 1 जुलाई से शुरू होने वाली उड़ानों के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है। लोगों में काफी उत्साह है और लगातार टिकटों को लेकर पूछताछ बढ़ रही है।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक उड़ान संचालन को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्लॉट जारी होने के बाद अब अंतिम तकनीकी और संचालन संबंधी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। माना जा रहा है कि जुलाई से बरेली एयरपोर्ट पर फिर यात्रियों की हलचल बढ़ जाएगी।
Published on:
23 May 2026 10:03 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
