
वाटर पार्क में लगा ताला
बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र के आमदपुर स्थित एक वाटर पार्क में शनिवार को चाचा के साथ घूमने पहुंचे आठ वर्षीय हसनैन की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे वाटर पार्क में अफरा-तफरी मच गई, जबकि संचालक गेट पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी गुस्सा है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
भसराला निवासी जफर का बेटा हसनैन अपने चाचा के साथ वाटर पार्क घूमने गया था। परिवार को क्या पता था कि चंद घंटों की मस्ती उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन जाएगी। खेलते-खेलते मासूम गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर न तो कोई प्रशिक्षित गोताखोर मौजूद था और न ही बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई निगरानी व्यवस्था थी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में बच्चे को लेकर अलापुर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता जफर, जो दिल्ली में मजदूरी कर परिवार चलाते हैं, तुरंत गांव के लिए रवाना हो गए। हसनैन तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी एक छोटी बहन और एक छोटा भाई है। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि वाटर पार्क में सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं था। न लाइफ जैकेट उपलब्ध थीं, न प्रशिक्षित गोताखोर और न ही कोई अलर्ट सिस्टम। बताया जा रहा है कि पार्क में अभी निर्माण कार्य भी चल रहा था, इसके बावजूद लोगों की एंट्री जारी थी। रोजाना यहां 100 से 150 लोग घूमने और फोटो खिंचवाने पहुंच रहे थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आमदपुर स्थित यह वाटर पार्क करीब 45 दिन पहले ही शुरू हुआ था। शुरुआत से ही इसकी व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे थे। भीड़ बढ़ने के बावजूद संचालकों ने सुरक्षा मानकों को गंभीरता से नहीं लिया। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते बचाव के साधन मौजूद होते तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी। हादसे के बाद वाटर पार्क संचालक गेट पर ताला लगाकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीओ दातागंज राहुल पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही वाटर पार्क के लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
23 May 2026 07:57 pm
Published on:
23 May 2026 07:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
