बरेली

बरेली की इन नामचीन दुकानों पर एफएसडीए का शिकंजा… 13 नमूने भरे, सरसों तेल और रंगीन कचरी समेत हजारों का माल सीज

होली से पहले मिलावटखोरी पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर की कई बड़ी दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई में 13 खाद्य नमूने भरे गए, सरसों तेल और रंगीन कचरी समेत हजारों रुपये का माल सीज किया गया। विभाग की यह सख्त छापेमारी लगातार जारी है।

2 min read
Feb 25, 2026

बरेली। रंगों के त्योहार से पहले मिलावट का खेल खेलने वालों पर प्रशासन की कार्रवाई जारी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को भी शहर से कस्बों तक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। छापेमारी के दौरान 13 खाद्य पदार्थों के नमूने भर लिए गए, जबकि करगैना में हजारों रुपये का सरसों तेल और रंगीन कचरी सीज कर दी गई।

करगैना बना कार्रवाई का केंद्र, तेल और कचरी जब्त

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले करगैना बाजार में दस्तक दी। चौधरी डेरी एंड कन्फैक्शनरी से पनीर और गुज्जर डेरी एंड स्वीट्स से खोया का नमूना लिया गया। इसके बाद साहू ट्रेडर्स पर टीम की नजरें टिकीं। यहां से रंगीन कचरी और सरसों तेल के नमूने भरे गए। जांच के दौरान 30 किलो रंगीन कचरी (करीब 1350 रुपये) और 208.4 किलो सरसों तेल (करीब 27,092 रुपये) को मौके पर ही सीज कर दिया गया। कार्रवाई होते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

मिठाई की दुकानों पर पैनी नजर, खोया-लड्डू जांच के घेरे में

गंज त्रिपोलिया, आंवला स्थित श्री हरि स्वीट्स से छेना मिठाई और खोया बर्फी के नमूने लिए गए। पास की राज स्वीट्स से बेसन के लड्डू जांच के लिए उठाए गए। शहदाना के एन.डी. इंटरनेशनल से सरसों तेल और रिफाइंड पामोलीन ऑयल के नमूने भरे गए। रामपुर गार्डन स्थित आशुतोष इंटरप्राइजेज से सरसों तेल, ड्राई फ्रूट गुजिया और अमूल ब्रांड पनीर को जांच के दायरे में लिया गया।

शिकायत पर मीट दुकान की पड़ताल

किला क्षेत्र में शिकायत मिलने पर टीम ने मीट की एक दुकान का निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई। आईजीआरएस पर मिली शिकायत के आधार पर सुभाषनगर स्थित अजन्ता स्वीट्स से आलू पैटीज का नमूना भी भर लिया गया। भरे गए सभी 13 नमूनों को खाद्य विश्लेषक को भेज दिया गया है। रिपोर्ट आते ही दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

त्योहार पर मिलावट बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी अविनाश सिंह के स्पष्ट निर्देश हैं कि होली पर जनता की थाली में जहर नहीं पहुंचने दिया जाएगा। मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। होली से पहले हुई इस सख्ती ने साफ कर दिया है कि इस बार त्योहार पर मिलावट करने वालों की रंगाई तय है।

Also Read
View All

अगली खबर