बरेली

ईद की नमाज का पूरा शेड्यूल जारी… किस मस्जिद में कब अदा होगी नमाज, जानिए पूरा टाइम

ईद-उल-फितर को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। चांद के दीदार के साथ ही ईद का त्योहार मनाया जाएगा, लेकिन उससे पहले शहरभर की मस्जिदों में नमाज के समय तय कर दिए गए हैं।

2 min read
Mar 19, 2026

बरेली। ईद-उल-फितर को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। चांद के दीदार के साथ ही ईद का त्योहार मनाया जाएगा, लेकिन उससे पहले शहरभर की मस्जिदों में नमाज के समय तय कर दिए गए हैं। इंतेजामियां कमेटियों ने अलग-अलग इलाकों के हिसाब से नमाज के वक्त का एलान कर दिया है, ताकि नमाजियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि शहर में सबसे पहली ईद की नमाज सुबह 6:40 बजे बाजार संदल खान स्थित दरगाह वली मियां की चांद मस्जिद और साहूकारा की मदीना मस्जिद में अदा की जाएगी। वहीं मुख्य नमाज बाकरगंज स्थित ईदगाह में सुबह 10:30 बजे अदा होगी, जहां हजारों नमाजी एक साथ जुटेंगे। सबसे आखिरी नमाज दरगाह आला हजरत की रजा मस्जिद में सुबह 11 बजे होगी।

सुबह 7 से 8:30 बजे तक कई प्रमुख मस्जिदों में नमाज

सुबह 7 बजे दरगाह शाह शराफत मियां, चौकी चौराहा और श्यामतगंज की मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। 7:30 बजे कांकर टोला की छह मीनार मस्जिद, अबू बक्र मस्जिद और यतीमखाना मस्जिद में नमाज होगी। सुबह 8 बजे से सुभाष नगर, सूफी टोला, छीपी टोला, कटकुइयां और बांसमंडी की कई मस्जिदों में नमाज का सिलसिला शुरू होगा। 8:15 बजे शाहमतगंज स्थित खानकाह वामिकिया और 8:30 बजे दरगाह बशीर मियां, गार्डन सिटी, गरीब नवाज मस्जिद समेत कई स्थानों पर नमाज अदा की जाएगी।

8:45 से 9:30 बजे तक नमाजियों की भीड़ चरम पर

8:45 बजे कुतुबखाना, जखीरा और इज्जतनगर क्षेत्र की मस्जिदों में नमाज होगी। सुबह 9 बजे सैलानी, रेलवे जंक्शन, मलूकपुर, कोहाड़ापीर और नगर निगम क्षेत्र की कई बड़ी मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। 9:30 बजे किला की जामा मस्जिद, शिया जामा मस्जिद, खानकाह नियाजिया और सिविल लाइंस की मस्जिदों में नमाज का आयोजन होगा।

10 बजे के बाद अंतिम दौर की नमाजें

सुबह 10 बजे बिहारीपुर और कुतुबखाना क्षेत्र की मस्जिदों में नमाज होगी। इसके बाद 10:30 बजे गुलाब नगर की घोसियान मस्जिद और इसी समय शहर की सबसे बड़ी जमात ईदगाह में अदा की जाएगी। अंत में 11 बजे रजा मस्जिद में नमाज के साथ सिलसिला पूरा होगा।

प्रशासन अलर्ट, शहर में बढ़ी हलचल

ईद को लेकर शहर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के इंतजाम भी तेज कर दिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन ने प्रमुख मस्जिदों और ईदगाह के आसपास विशेष व्यवस्था की है, ताकि नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। ईद की नमाज के इन तय समयों के साथ अब शहर में त्योहार का माहौल साफ दिखाई देने लगा है और लोग चांद के दीदार का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Also Read
View All

अगली खबर