शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सीबीगंज इलाके में घर में अकेली महिला को देखकर एक युवक दरिंदगी पर उतर आया।
बरेली। शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सीबीगंज इलाके में घर में अकेली महिला को देखकर एक युवक दरिंदगी पर उतर आया। उसने महिला के पांच साल के मासूम बेटे की जान लेने की धमकी देकर दुष्कर्म की कोशिश की। हालांकि महिला ने हिम्मत दिखाई और जोरदार शोर मचाकर आरोपी की मंशा पर पानी फेर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पति हिमाचल प्रदेश में नौकरी करता है। रविवार को वह अपने तीन छोटे बच्चों के साथ घर पर अकेली थी, जबकि ससुर रिश्तेदारी में शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने घर को निशाना बनाया और चुपके से अंदर घुस आया। महिला के मुताबिक, आरोपी ने अंदर घुसते ही उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। वह लगातार महिला को दबाव में लेने की कोशिश करता रहा। घर के भीतर घटी इस घटना से महिला सहम गई, लेकिन उसने हार नहीं मानी।
हद तो तब हो गई जब आरोपी ने महिला के पांच साल के बेटे को पकड़कर जान से मारने की धमकी दी। उसने बच्चे को ढाल बनाकर महिला को दुष्कर्म के लिए मजबूर करने की कोशिश की। यह मंजर इतना खौफनाक था कि कुछ पल के लिए महिला दहशत में आ गई, लेकिन अगले ही पल उसने हिम्मत जुटाई। डर के बीच भी महिला ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों के सतर्क होने की आहट मिलते ही आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया। महिला ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और कुछ ही देर में आरोपी को पकड़ लिया गया। उसे थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। सीबीगंज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।