कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया इलाके में शनिवार सुबह एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना से कुछ घंटे पहले ही युवक का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच में जुट गई है।
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया इलाके में शनिवार सुबह एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना से कुछ घंटे पहले ही युवक का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान इमरान उर्फ विनय पुत्र शंकरलाल प्रजापति के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा का रहने वाला था और वर्तमान में नकटिया स्थित मारिया मीट फैक्टरी के पास किराये पर रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसने करीब तीन साल पहले मुस्लिम धर्म अपनाकर मुस्कान नाम की युवती से शादी की थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। इमरान रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।
पत्नी मुस्कान के मुताबिक, शुक्रवार रात इमरान घर नहीं लौटा था। शनिवार सुबह जब वह घर आया तो दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो मारपीट तक पहुंच गई। विवाद के बाद मुस्कान अपने मायके चली गई थी। रात करीब साढ़े 12 बजे मुस्कान अपने परिजनों के साथ वापस लौटी तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। इस पर उसका भाई जाहिद गेट के ऊपर से कूदकर अंदर गया और दरवाजा खोला।
परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए। इमरान छत के कुंडे से रस्सी और चुन्नी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट ने भी जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कमरे की कुंडी अंदर से बंद नहीं थी, जिससे मामले में अन्य संभावनाओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।