बरेली

गुंडागर्दी-तानाशाही से तंग जनता: बंगाल में भाजपा की पूर्ण बहुमत बनेगी सरकार: बीएल वर्मा

पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बड़ा और आक्रामक दावा किया है। लोधी छात्रावास के प्रथम स्थापना दिवस कार्यक्रम में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

2 min read
May 03, 2026

बदायूं। पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बड़ा और आक्रामक दावा किया है। बदायूं में लोधी छात्रावास के प्रथम स्थापना दिवस कार्यक्रम में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने सीधे तौर पर ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी हार तय है और उनके चेहरे पर हताशा साफ दिखाई दे रही है।

रविवार को प्रेसवार्ता के दौरान वर्मा ने ममता सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मौजूदा शासन गुंडागर्दी और तानाशाही पर उतर आया है। आम जनता इस सरकार से परेशान हो चुकी है और बदलाव चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को कमजोर किया गया है और विरोधियों की आवाज दबाने की कोशिश की जाती है।

एग्जिट पोल से बेहतर होगा प्रदर्शन

केंद्रीय मंत्री ने भरोसा जताया कि इस बार भाजपा को जबरदस्त समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि एजेंसियां और प्रशासन निष्पक्ष तरीके से काम करेंगे, चाहे कोई कितना भी दबाव बनाए। वर्मा ने दावा किया कि चुनाव के नतीजे एग्जिट पोल के अनुमानों से भी बेहतर आएंगे और भाजपा स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इससे पहले कार्यक्रम में संबोधन के दौरान वर्मा ने लोधी छात्रावास को छात्रों के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि यह छात्रावास ग्रामीण और छोटे शहरों के छात्रों के लिए वरदान साबित होगा। यहां उन्हें बेहतर माहौल और संसाधन मिलेंगे, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।

अब दिल्ली-प्रयागराज जाने की जरूरत नहीं

वर्मा ने कहा कि अब छात्रों को कोचिंग और तैयारी के लिए दिल्ली या प्रयागराज जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इस छात्रावास में उन्हें महानगरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को खास राहत मिलेगी और वे अपने घर के पास ही बेहतर तैयारी कर सकेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं। सभी ने छात्रावास की पहल की सराहना की और इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम बताया।

Also Read
View All