जिले में अवैध रूप से चल रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर स्वास्थ्य डीएम अविनाश सिंह और सीएमओ विश्राम सिंह के निर्देश पर पहुंची टीम ने शहर और देहात के कई अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच की। इस कार्रवाई से संचालकों में हड़कंप मच गया।
बरेली। जिले में अवैध रूप से चल रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर स्वास्थ्य डीएम अविनाश सिंह और सीएमओ विश्राम सिंह के निर्देश पर पहुंची टीम ने शहर और देहात के कई अल्ट्रासाउंड केंद्रों की जांच की। इस कार्रवाई से संचालकों में हड़कंप मच गया।
डिप्टी सीएमओ डॉ लईक ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बहेड़ी क्षेत्र में स्थित हिंद अल्ट्रासाउंड सेंटर पर बड़ी लापरवाही सामने आई। सेंटर संचालक टीम को अपना पंजीकरण प्रमाण पत्र तक नहीं दिखा सके। इस गंभीर अनियमितता पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सेंटर को मौके पर ही सील कर दिया। संचालक को तीन दिन के भीतर सभी जरूरी दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुंडरा कोठी स्थित मन्नत अल्ट्रासाउंड, जीवन ज्योति अल्ट्रासाउंड और रिछा क्षेत्र के हर्ष कला अल्ट्रासाउंड सेंटर का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा बहेड़ी क्षेत्र में ग्लोबल, यूनिक, अरोरा, नियाजी और विद्या अल्ट्रासाउंड सेंटर की भी जांच की गई। जांच के दौरान मैक्स अल्ट्रासाउंड और लाइफ लाइन अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिले, जिस पर टीम ने नाराजगी जताई।
अधिकारियों ने सभी सेंटर संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अल्ट्रासाउंड केंद्रों को शासन के नियमों के तहत ही संचालित करना होगा। जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस छापेमारी अभियान में नोडल अधिकारी डॉ. लईक अहमद अंसारी के साथ राहुल शर्मा, राजेश कुमार और विपिन कुमार शामिल रहे।