
मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण करते औषधि विभाग के अधिकारी।
बरेली। जिले में अस्पतालों की फार्मेसी और मेडिकल स्टोरों पर दवाओं की बिक्री में मनमानी और नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों पर औषधि विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अस्पतालों की फार्मेसी और मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण कर निर्धारित मानकों की जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर संचालकों को सात दिनों के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की हिदायत दी गई है। निर्धारित समयसीमा के बाद अनियमितता मिलने पर विभाग कार्रवाई करेगा।
औषधि विभाग की ओर से पिछले तीन दिनों से जिले में निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने अब तक प्रीतमलाल मेडिकल, खुशालोक हॉस्पिटल, शिव ओम मेडिकल, राधिका हॉस्पिटल, नवोदय मेडिकल, श्रीनाथजी मेडिकल, ओम मेडिसिन सेंटर और शोभित मेडिवर्ल्ड का औचक निरीक्षण किया है। इस दौरान फार्मेसी संचालन से जुड़े निर्धारित मानकों की पड़ताल की गई। जिन प्रतिष्ठानों में कमियां मिलीं, उनके संचालकों को सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण अभियान के दौरान खुशालोक हॉस्पिटल और श्रीनाथजी मेडिकल समेत तीन फार्मेसी केंद्रों ने यूआरएल सहित अन्य निर्धारित मानक पूरे कर लिए हैं। वहीं, शेष प्रतिष्ठानों के संचालकों को सात दिनों की मोहलत दी गई है। विभाग निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद दोबारा निरीक्षण करेगा। ऐसे में नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
दवाओं की बिक्री और फार्मेसी संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक रिटेल फार्मेसी को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट स्थापित करनी होगी। इस वेबसाइट पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस संख्या, लाइसेंस धारक का नाम और प्रतिष्ठान का पूरा पता दर्ज करना अनिवार्य होगा। इससे ग्राहकों को संबंधित फार्मेसी और उसके लाइसेंस से जुड़ी जानकारी हासिल करने में आसानी होगी।
फार्मेसी संचालकों को अपने यहां नियुक्त फार्मासिस्ट की जानकारी भी सार्वजनिक करनी होगी। वेबसाइट पर फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या और उसकी तस्वीर प्रदर्शित करनी होगी। इन व्यवस्थाओं के लागू होने से ग्राहकों को फार्मेसी में नियुक्त फार्मासिस्ट के संबंध में जानकारी मिल सकेगी। विभाग ने संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
नए निर्देशों के अनुपालन में मेडिकल स्टोर और फार्मेसी संचालकों को दवाओं के स्टॉक की साप्ताहिक जानकारी भी वेबसाइट पर प्रदर्शित करनी होगी। इससे दवाओं की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी हासिल करना आसान होगा। फार्मेसी संचालन में पारदर्शिता बढ़ाने और नियमों की अनदेखी रोकने की दिशा में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सहायक आयुक्त औषधि संदीप कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले में अभियान चलाया जा रहा है। पहले चरण में संचालकों को निर्धारित मानक पूरे करने के लिए सात दिनों का समय दिया गया है। इस अवधि के समाप्त होने के बाद प्रतिष्ठानों का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। यदि जांच में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
26 Nov 2026, 12:54 PM IST
Published on:
26 Nov 2026, 12:54 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश




