होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर बरेली प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। किसी भी तरह की धांधली या अव्यवस्था को जड़ से खत्म करने के लिए डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य खुद मैदान में उतर आए हैं। साफ संदेश दिया है कि परीक्षा में गड़बड़ी की कोशिश हुई तो सीधी कार्रवाई होगी।
बरेली। होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर बरेली प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। किसी भी तरह की धांधली या अव्यवस्था को जड़ से खत्म करने के लिए डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य खुद मैदान में उतर आए हैं। साफ संदेश दिया है कि परीक्षा में गड़बड़ी की कोशिश हुई तो सीधी कार्रवाई होगी।
रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित रविन्द्रालय में हुई हाईलेवल बैठक में अफसरों को साफ हिदायत दी गई कि कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। एसपी उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्र, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान समेत सभी क्षेत्राधिकारी और सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। बैठक का माहौल बिल्कुल वार रूम जैसा रहा, जहां हर बिंदु पर पैनी नजर रखी गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी तंत्र लगाया जाएगा। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ हर सेंटर पर चेकिंग सख्त रहेगी, ताकि नकल या किसी भी तरह की साजिश की गुंजाइश खत्म हो सके।
अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति न बने, इसके लिए विशेष रूट डायवर्जन और पुलिस प्वाइंट लगाए जाएंगे। एंट्री से लेकर एग्जिट तक हर मूवमेंट पर नजर रहेगी, ताकि किसी भी तरह की अफरा-तफरी न हो। डीएम और एसएसपी ने दो टूक कहा कि ईमानदार अभ्यर्थियों को हर सुविधा दी जाएगी, लेकिन सिस्टम से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त कर ली जाएं और परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराई जाए।