बरेली

बरेली में मेरा आतंक है, जिला बदर ऋषभ ठाकुर का नया ऑडियो वायरल, स्पा सेंटर खोलने पर ‘डील’ की धमकी

पीलीभीत रोड स्थित कासा गोल्डन स्पा सेंटर प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। वीडियो वायरल, देह व्यापार के आरोप और 40 हजार रुपये रंगदारी मांगने के मामले के बीच अब जिला बदर घोषित ऋषभ ठाकुर का एक और ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है।

2 min read
Feb 23, 2026

बरेली। पीलीभीत रोड स्थित कासा गोल्डन स्पा सेंटर प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। वीडियो वायरल, देह व्यापार के आरोप और 40 हजार रुपये रंगदारी मांगने के मामले के बीच अब जिला बदर घोषित ऋषभ ठाकुर का एक और ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है। इस ऑडियो में वह खुद को बरेली में “आतंक” बताता सुनाई दे रहा है और स्पा सेंटर को लेकर खुली धमकी दे रहा है।

“यह तो अभी ट्रेलर था…”

एक फोन, दो आवाजें… और ‘डील’ की बातचीत
प्रसारित ऑडियो में चौंकाने वाली बात यह है कि एक ही फोन से आशु यादव और ऋषभ ठाकुर दोनों बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान स्पा सेंटर की रिशेप्सनिस्ट को 40 हजार रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा है। इतना ही नहीं, सेंटर दोबारा खुलवाने को लेकर पैसों की डील की चर्चा भी ऑडियो में साफ सुनाई दे रही है।

वीडियो से शुरू हुआ बवाल, अब रंगदारी का मामला

करीब पांच दिन पहले दो युवकों ने कासा गोल्डन स्पा का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया था। आरोप था कि स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार कराया जा रहा है। वीडियो में लड़कियों को दिखाने और रुपये तय करने तक की बातचीत रिकॉर्ड बताई जा रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस का दावा था कि मौके पर कोई आपत्तिजनक गतिविधि नहीं मिली। इसके अगले ही दिन एक ऑडियो सामने आया, जिसमें खुद को आशु यादव बताने वाला व्यक्ति 40 हजार रुपये की रंगदारी मांगता सुनाई दिया।

एफआईआर के बाद नया धमकी भरा ऑडियो

स्पा सेंटर की रिशेप्सनिस्ट मुस्कान ने शुक्रवार को बारादरी थाने में आशु यादव और उसके नेता ऋषभ ठाकुर समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद सोशल मीडिया पर जो नया ऑडियो वायरल हुआ, उसमें खुद ऋषभ ठाकुर धमकी देता सुनाई दे रहा है। वह कह रहा है कि बरेली में उसका आतंक है और सेंटर खोलने से पहले उससे बात न करने पर नाराजगी जता रहा है। बातचीत में यह भी सुनाई दे रहा है कि स्पा सेंटर के संचालन को लेकर रकम तय करने की बात हो रही है।

सवालों के घेरे में पूरा मामला

एक तरफ वीडियो में कथित देह व्यापार की बात, दूसरी तरफ रंगदारी और धमकी का ऑडियो… प्रकरण अब केवल स्पा सेंटर तक सीमित नहीं रहा।
जिला बदर घोषित व्यक्ति का नाम दोबारा सामने आना पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है। क्या यह केवल वायरल वीडियो का मामला है या शहर में रंगदारी का नया खेल शुरू हो गया है। पुलिस का कहना है कि ऑडियो की जांच की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

Also Read
View All

अगली खबर