बरेली

कानून तोड़ा तो खैर नहीं, डीआईजी का पुलिस को सीधा अल्टीमेटम, माफिया हों या गैंगस्टर, अब हर हाल में सख्त कार्रवाई

डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी ने अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर मंगलवार को कड़ी समीक्षा बैठक की। बैठक में पीलीभीत, बरेली, बदायूँ और शाहजहाँपुर के पुलिस कप्तान मौजूद रहे।

2 min read
Feb 03, 2026

बरेली। डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी ने अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर मंगलवार को कड़ी समीक्षा बैठक की। बैठक में पीलीभीत, बरेली, बदायूँ और शाहजहाँपुर के पुलिस कप्तान मौजूद रहे। बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और थानों की कार्यवाही सहित कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

अपराधों की समीक्षा के दौरान माफियाओं और वांछित अपराधियों पर चल रही कार्रवाई की गहन जाँच की गई। लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। गुंडा, गैंगस्टर, सशस्त्र और गौवध के तहत की गई कार्रवाई की भी बारीकी से समीक्षा हुई। महिला उत्पीड़न, दहेज हत्या, पॉक्सो एक्ट और अन्य संवेदनशील अपराधों के मामलों में पिछले तीन वर्षों के तुलनात्मक आंकड़ों की समीक्षा की गई। मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन अभियान की प्रभावशीलता का मूल्यांकन भी किया गया।

थानों और पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी पर जोर

बैठक में डीआईजी अजय कुमार साहनी ने थानों के निरीक्षण, अर्दली रूम और मुकदमे के निस्तारण की स्थिति का विवरण लिया गया। थानावार हिस्ट्रीशीट और गैंग के सदस्यों के विरुद्ध की गई कार्रवाई पर भी कड़ी निगरानी रखी गई। मृतक एवं सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के पेंशन और लंबित देयकों के भुगतान की स्थिति की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रोड एक्सीडेंट डाटाबेस, ब्लैक स्पॉट चिन्हीकरण और शून्य मृत्यु दर जिला (जेडएफडी) कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों पर चर्चा हुई। हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा वाहन चालकों की जिम्मेदारी को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए।

अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी

हत्या, लूट, स्नेचिंग, नकबजनी, वाहन चोरी, अपहरण, बलात्कार, साम्प्रदायिक संघर्ष और एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोगों में पुलिस की कार्यवाही का आकलन किया गया। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत अदालतों में अभियोगों की प्रभावी पैरवी और सजा दिलाने की स्थिति का भी मूल्यांकन किया गया। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने आगामी त्यौहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए सभी जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया। पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने और हर प्रकार की घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

Also Read
View All

अगली खबर