धार्मिक यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आईआरसीटीसी ने श्रद्धालुओं के लिए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के जरिए 7 ज्योतिर्लिंग और दक्षिण भारत दर्शन का विशेष टूर पैकेज शुरू किया है।
बरेली। धार्मिक यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आईआरसीटीसी ने श्रद्धालुओं के लिए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के जरिए 7 ज्योतिर्लिंग और दक्षिण भारत दर्शन का विशेष टूर पैकेज शुरू किया है। इस ट्रेन से यात्री 12 दिन में देश के कई प्रसिद्ध मंदिरों और तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। खास बात यह है कि बरेली समेत कई शहरों से यात्री सीधे ट्रेन में बैठ सकेंगे।
शुक्रवार को बरेली में आयोजित प्रेस वार्ता में IRCTC के अधिकारियों ने दोनों पैकेजों की जानकारी दी। सीआरएम/आईआरसीटीसी लखनऊ अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ट्रेन, होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण की सुविधा एक ही पैकेज में दी जाएगी। इस दौरान मैनेजर नवनीत गोयल और सीएमआई बरेली सय्यद इमरान चिश्ती भी मौजूद रहे।
पहला टूर पैकेज 12 जून 2026 से 23 जून 2026 तक चलेगा। 11 रात और 12 दिन की इस यात्रा में श्रद्धालु महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओमकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा द्वारकाधीश मंदिर, पंचवटी और कालाराम मंदिर भी यात्रा में शामिल हैं। यह ट्रेन ऋषिकेश से चलेगी। यात्री हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ समेत कई स्टेशनों से यात्रा शुरू कर सकेंगे। पैकेज का किराया स्लीपर क्लास में 24,100 रुपये, 3एसी में 40,890 रुपये और 2एसी में 54,390 रुपये रखा गया है।
दूसरा टूर पैकेज 29 जून से 10 जुलाई 2026 तक चलेगा। इसमें श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी मंदिर, रामनाथस्वामी मंदिर, मीनाक्षी अम्मन मंदिर, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। आईआरसीटीसी अधिकारियों ने बताया कि दोनों यात्राओं में शाकाहारी भोजन, होटल में रुकने और स्थानीय घूमने के लिए बस की सुविधा भी शामिल रहेगी। बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी। यात्री IRCTC Tourism Website पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।