बरेली

जलभराव के दर्द पर लगा मरहम, मेयर ने किया बीसलपुर पुलिया का उद्घाटन, 84 लाख के प्रोजेक्ट से 9 वार्डों को राहत

शहर के बीसलपुर चौराहा पर सालों से लोगों को परेशान कर रहे जलभराव के संकट का आखिरकार समाधान हो गया। गुरुवार को बहुप्रतीक्षित पुलिया का उद्घाटन महापौर डॉ. उमेश गौतम ने किया। पुलिया बनने से आसपास के इलाकों में जलनिकासी की समस्या काफी हद तक खत्म हो गई है, जिससे हजारों लोगों ने राहत की सांस ली।

2 min read
Apr 23, 2026

बरेली। शहर के बीसलपुर चौराहा पर सालों से लोगों को परेशान कर रहे जलभराव के संकट का आखिरकार समाधान हो गया। गुरुवार को बहुप्रतीक्षित पुलिया का उद्घाटन महापौर डॉ. उमेश गौतम ने किया। पुलिया बनने से आसपास के इलाकों में जलनिकासी की समस्या काफी हद तक खत्म हो गई है, जिससे हजारों लोगों ने राहत की सांस ली।

इस पुलिया का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया गया, जबकि इसके लिए नगर निगम ने करीब 84 लाख रुपये की धनराशि दी। आधुनिक तकनीक से बनी 3/3, 1 सेल बॉक्स कलवर्ड संरचना ने पानी निकासी की क्षमता को कई गुना बढ़ा दिया है। पहले जहां मामूली बारिश में जलभराव हो जाता था, अब पानी आसानी से निकल सकेगा।

नौ वार्डों के हजारों लोगों को सीधा फायदा

इस पुलिया के बनने से वार्ड 40 सहसबानी टोला, वार्ड 45 आकाशपुरम, वार्ड 53 रोहिली टोला, वार्ड 62 चक मेहमूद, वार्ड 71 नई बस्ती, वार्ड 75 एजाज नगर और वार्ड 79 समेत कुल नौ वार्डों को सीधा लाभ मिला है। पहले यहां केवल दो फीट के पाइप से जलनिकासी होती थी, जो बारिश के दौरान नाकाफी साबित होती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव इतना गंभीर था कि कई बार रातभर सुपर सॉकर मशीन लगाकर पानी निकालना पड़ता था, फिर भी राहत नहीं मिलती थी। हालात यह थे कि बिना बारिश के भी गलियों में पानी भरा रहता था और लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा था।

धरना-प्रदर्शन के बाद जागा प्रशासन

लगातार समस्या से परेशान लोगों ने आकाशपुरम क्षेत्र में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिया निर्माण को मंजूरी दी गई। अब इस निर्माण के बाद पुराने शहर के बड़े हिस्से को जलभराव से मुक्ति मिल गई है। उद्घाटन के बाद क्षेत्रीय लोगों ने महापौर डॉ. उमेश गौतम और पार्षद पूनम राठौर का आभार जताया। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, महामंत्री विष्णु शर्मा, उपाध्यक्ष प्रभु दयाल लोधी, राजकिशोर कश्यप, जयदीप चौधरी, पूर्व उपसभापति सर्वेश रस्तोगी और शालिनी जौहरी समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read
View All