बरेली

कागजों में 24 घंटे बिजली, ज़मीन पर 11 घंटे अंधेरा, सिंधुनगर फीडर ठप, शहर में गर्मी से हाहाकार

भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने शहरवासियों की कमर तोड़ दी है। एक तरफ निगम कागजों में 23 घंटे 45 मिनट बिजली देने का दावा कर रहा है, तो दूसरी ओर हकीकत में लोग 10–18 घंटे की अघोषित कटौती झेलने को मजबूर हैं।

2 min read
Apr 28, 2026

बरेली। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने शहरवासियों की कमर तोड़ दी है। एक तरफ निगम कागजों में 23 घंटे 45 मिनट बिजली देने का दावा कर रहा है, तो दूसरी ओर हकीकत में लोग 10–18 घंटे की अघोषित कटौती झेलने को मजबूर हैं। सोमवार को सिंधुनगर फीडर में फॉल्ट ने हालात और बिगाड़ दिए। रात तीन बजे से दोपहर दो बजे तक पूरे 11 घंटे शहर अंधेरे में डूबा रहा।

सिंधुनगर फीडर में भोर में आए फॉल्ट ने पूरे इलाके को ठप कर दिया। निगम की टीम को खामी ढूंढने में ही 11 घंटे लग गए। दोपहर 2 बजे सप्लाई बहाल हुई, लेकिन राहत ज्यादा देर टिक नहीं सकी—रात 9 बजे फिर से बिजली गुल हो गई।

फोन नहीं उठे अफसर, हेल्पलाइन बनी ‘हेल्पलेस’

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कंट्रोल रूम और हेल्पडेस्क पर शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। एसडीओ का फोन घंटों नहीं उठा, जबकि 1912 हेल्पलाइन भी बेअसर साबित हुई। जेई ने बाद में ट्रांसफार्मर, जंपर और इंसुलेटर में खराबी का हवाला दिया।

घर में चूल्हा ठंडा, बाहर से मंगाना पड़ा खाना

बिजली कटौती का असर सीधे रसोई तक पहुंचा। एलपीजी खत्म होने के बाद इंडक्शन पर निर्भर परिवारों के सामने संकट खड़ा हो गया। कई लोगों को मजबूरी में बाहर से खाना मंगवाना पड़ा। “बिजली कब आएगी, इसका कोई जवाब नहीं”—यह शिकायत हर घर की कहानी बन गई।

शहरभर में बिखरी अंधेरे की मार, कई इलाके बेहाल

रानी इनक्लेव, अशरफी वैडिंग हॉल क्षेत्र, रामपुर गार्डन, किला एवेन्यू, जेएचएम कॉलोनी समेत कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। कहीं फेस उड़ गया, तो कहीं ट्रांसफार्मर फुंकने से आपूर्ति ठप हो गई।

कटौती और स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग

रामपुर गार्डन स्थित बिजली कार्यालय पर सपा नेता मयंक शुक्ला के नेतृत्व में महिलाओं ने एक्सईएन का घेराव किया। लोगों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर और मनमाने बिल के नाम पर जनता से लूट हो रही है। ज्ञापन देकर जल्द समाधान की मांग की गई।

कागजों में ‘फुल सप्लाई’, हकीकत में ‘जीरो भरोसा’

बिजली निगम ने सीएम डैशबोर्ड को भेजी रिपोर्ट में 99.45% सप्लाई और रोजाना 23 घंटे 45 मिनट बिजली देने का दावा किया है। इसी के आधार पर बरेली को प्रदेश में 66वां स्थान मिला है।
लेकिन जमीनी सच्चाई इससे बिल्कुल उलट है—लगातार फॉल्ट, जले ट्रांसफार्मर और टूटे केबल से शहर की बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है।

आज इन इलाकों में फिर कटौती का ऐलान

डीडीपुरम उपकेंद्र की 33 केवी लाइन पर रिकंडक्टरिंग कार्य के चलते सिविल लाइंस द्वितीय, सिटी स्टेशन, कमल टॉकीज क्षेत्र में 11 से 1 बजे तक और संजयनगर, मॉडल टाउन, ब्रह्मपुरा, कीर्तिनगर समेत कई इलाकों में सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी।

Also Read
View All