
बरेली। संजय लीला भंसाली की फ़िल्म पद्मावत के रिलीज की तारीख जैसे जैसे करीब आ रही है क्षत्रीय समाज का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर फ़िल्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा युवा के प्रदेश अध्यक्ष ने एलान किया है कि किसी भी सूरत में फ़िल्म को चलने नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने क्षत्रीय नेताओं से मांग की है कि वो फ़िल्म के विरोध में इस्तीफा दें नहीं तो आने वाले चुनावों में संस्था नेताओं का विरोध करेगी इसके साथ ही उन्होंने एलान किया कि फ़िल्म को रुकवाने के लिए रविवार को अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा दिल्ली में गृह मंत्री राजनाथ सिंह के घर का घेराव करेगी।
इस्तीफा दें क्षत्रीय नेता
प्रेस कांफ्रेंस कर अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा युवा के प्रदेश अध्यक्ष भुवनेश्वर सिंह ने बताया कि रविवार को क्षत्रीय महासभा राजनाथ सिंह के घर का घेराव कर उनसे फ़िल्म पर रोक लगवाने की मांग करेगी साथ ही उन्होंने कहा कि संस्था सभी क्षत्रीय सांसदों और विधायकों से मांग करेगी कि फ़िल्म के विरोध में इस्तीफे दें और केंद्र सरकार पर फ़िल्म के प्रसारण को लेकर अध्यादेश लाने का दवाब बनाएं, नहीं तो चुनाव में संस्था ऐसे नेताओं का विरोध करेगी और किसी दूसरे प्रत्याशी को चुनाव लड़ाएगी।
किसी हाल में नहीं चलेगी फ़िल्म
अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा का कहना है कि फ़िल्म को किसी भी हाल में नहीं चलने दिया जाएगा और फ़िल्म अगर रिलीज होगी तो वो लोग जमकर प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही संस्था ने दावा किया कि बरेली में उन्होंने पिक्चर हॉल में जाकर सब कुछ देख लिया है और संस्था के लोग जानते हैं कि कैसे फ़िल्म को चलने से रोका जाए और फ़िल्म किसी भी हाल में लोग नहीं देख पाएंगे।
एक करोड़ का रखा था इनाम
इसके पहले भी अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा ने फ़िल्म को लेकर प्रदर्शन किया था और एलान किया गया था कि जो भी व्यक्ति फ़िल्म की अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को अग्नि कुंड में फेंकेगा उसे एक करोड़ रुपए का इनाम दिया जाएगा।