बरेली

फूलों की होली में रंगा कुर्मी समाज… ब्रह्मपुरा छात्रावास में उमड़ा हुजूम, होली मिलन में गूंजा एकता का संदेश

ब्रह्मपुरा स्थित सरदार पटेल स्मारक कुर्मी क्षत्रिय छात्रावास में रविवार को कुर्मी क्षत्रिय सभा की ओर से भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया।

2 min read
Mar 15, 2026

बरेली। ब्रह्मपुरा स्थित सरदार पटेल स्मारक कुर्मी क्षत्रिय छात्रावास में रविवार को कुर्मी क्षत्रिय सभा की ओर से भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज के लोगों ने फूलों की होली खेलकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, भाईचारे तथा एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों की मौजूदगी से पूरा परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया।

सुबह करीब 11 बजे कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक चौपाइयों के गान से हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर होली खेली। पूरे छात्रावास परिसर में रंग-बिरंगे फूलों और खुशियों का माहौल छा गया। लोगों ने गले मिलकर होली की बधाई दी और समाज में भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है तो उसकी ताकत कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे कार्यक्रम समाज के लोगों को करीब लाने और नई दिशा देने का काम करते हैं।

त्योहारों से मजबूत होते सामाजिक रिश्ते

जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने कहा कि होली जैसे त्योहार समाज के लोगों को एक मंच पर लाने का अवसर देते हैं। इससे बड़े-बुजुर्गों से मिलने और आपसी सम्मान बढ़ाने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक संबंधों को और मजबूत बनाते हैं। वहीं कुर्मी क्षत्रिय सभा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट के.पी. सेन गंगवार ने कहा कि समाज की तरक्की आपसी सहयोग और मजबूत संगठन से ही संभव है। उन्होंने कहा कि होली मिलन समारोह जैसे आयोजन समाज के लोगों को जोड़ने और सामाजिक पहचान को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे मौजूद

समारोह में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की अध्यक्ष श्रुति गंगवार, पूर्व विधायक छोटे लाल गंगवार, नगर पंचायत गुलड़िया के चेयरमैन के पति सुरेश चंद्र सिंह राठौर, प्रवेश राठौर, कर्नल पुरुषोत्तम सिंह और कुर्मी महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सी.एल. गंगवार सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह गंगवार, प्रेम शंकर गंगवार, आर.सी. लाल, मूलचंद गंगवार, कोषाध्यक्ष आलोक गंगवार, ऑडीटर एडवोकेट मनोज बाबू गंगवार, मीडिया प्रभारी देश दीपक गंगवार, अरविंद पटेल, एडवोकेट मुनेन्द्र गंगवार, डॉ. उग्रसेन गंगवार, युधिष्ठर प्रसाद गंगवार, कृष्ण पाल सिंह, खेमेन्द्र पाल सिंह, वीरेश कुमार गंगवार, तेजपाल गंगवार, प्रमोद कुमार सिंह और भद्र पाल गंगवार सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Also Read
View All

अगली खबर