बरेली

कुतुबखाना चौराहे पर अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम से मची भगदड़, फड़ विक्रेता की मौत, बाजार में अफरा-तफरी

कुतुबखाना रोड पर अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को देखते ही फड़ विक्रेताओं में भगदड़ मच गई। इसी दौरान एक 52 वर्षीय फड़ विक्रेता की तबीयत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई, जिससे बाजार में हड़कंप मच गया।

less than 1 minute read
May 01, 2026

बरेली। कुतुबखाना चौराहे पर गुरुवार को नगर निगम की कार्रवाई ने बाजार का माहौल अचानक बदल दिया। अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को देखते ही फड़ विक्रेताओं में भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग अपना सामान समेटकर भागने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

टीम पहुंचते ही मचा हड़कंप, बाजार में दौड़ पड़े दुकानदार

उद्योग बंधु की शिकायत पर नगर निगम की टीम अवैध साप्ताहिक बाजार हटाने पहुंची थी। दोपहर में जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू की, सड़क किनारे फड़ लगाने वालों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार जल्दबाजी में अपना सामान समेटते नजर आए, जबकि कुछ लोग बिना सामान लिए ही भाग खड़े हुए। इसी अफरा-तफरी के बीच शास्त्री मार्केट क्षेत्र में बर्तन का फड़ लगाने वाले 52 वर्षीय फैयाज पुत्र रियाज की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आसपास के लोगों का कहना है कि फैयाज को ब्रेन हेमरेज हुआ था।

मौत के बाद बाजार में खलबली, बीच में रुका अभियान

फड़ विक्रेता की मौत की खबर फैलते ही बाजार में खलबली मच गई। हालात बिगड़ते देख नगर निगम की टीम ने अपना अभियान बीच में ही रोक दिया और वापस लौट गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और बेचैनी का माहौल बना रहा। वहीं, राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद सिंह का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी तरह की कहासुनी या झड़प नहीं हुई। उन्होंने किसी के घायल होने या मौत की जानकारी से इनकार करते हुए इसे अफवाह बताया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों के बीच इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

Also Read
View All