मीरानपुर कटरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक की प्रत्याशी पूजा कसाना ने भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता को 401 वोटों से हराकर जीत दर्ज कर ली।
शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक की प्रत्याशी पूजा कसाना ने भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता को 401 वोटों से हराकर जीत दर्ज कर ली। गुरुवार शाम करीब पांच बजे मतगणना पूरी होने के बाद प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर परिणाम घोषित किया। जीत के बाद समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जबकि भाजपा खेमे में मायूसी छा गई।
तिलहर मंडी में कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से मतगणना शुरू हुई। कुल छह राउंड में वोटों की गिनती हुई। पहले राउंड में पूजा कसाना पिछड़ गई थीं, लेकिन दूसरे राउंड से उन्होंने बढ़त बनाई और फिर लगातार बढ़त कायम रखी। अंत में पूजा कसाना को कुल 4375 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता को 3974 वोट हासिल हुए। कांग्रेस प्रत्याशी वाजिद सिद्दीकी 3109 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे। जीत के बाद एक और बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। पूजा कसाना ने मतगणना स्थल पर ही अपना एस दल की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिलाध्यक्ष सुनील पटेल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस घटनाक्रम ने स्थानीय राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पांच मई को मतदान कराया गया था। 12 मतदान केंद्रों के 33 बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कुल 41.78 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। मतदान के दौरान विपक्षी प्रत्याशियों ने भाजपा प्रत्याशी पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। इसके बाद प्रशासन ने सभी मतपेटियों को सील कर तिलहर स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षा के बीच रखवा दिया था।
यह उपचुनाव नवंबर 2025 में न्यायालय के आदेश के बाद कराया गया। तत्कालीन नगर पंचायत अध्यक्ष मुख्तियार अहमद मसूदी को नामांकन पत्र में आपराधिक रिकॉर्ड छिपाने का दोषी मानते हुए अदालत ने उनकी सदस्यता रद्द कर दी थी। साथ ही चुनाव प्रक्रिया को शून्य घोषित कर अध्यक्ष पद रिक्त कर दिया गया था। इसके बाद उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। इस उपचुनाव में कुल 11 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन आखिरकार जीत का ताज पूजा कसाना के सिर सजा। जीत के बाद समर्थकों ने मिठाई बांटकर और नारेबाजी कर खुशी मनाई।