बरेली

बरेली पुलिस में बड़ा फेरबदल: कई थानेदारों की कुर्सी बदली, कुछ ‘पावरफुल’ तो कुछ किनारे

जिले की कानून-व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई थाना प्रभारियों के तबादले कर दिए हैं।
2 min read
• •
Apr 04, 2026
Feature image

बरेली। जिले की कानून-व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई थाना प्रभारियों के तबादले कर दिए हैं। इस बदलाव में जहां कुछ इंस्पेक्टरों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, वहीं कुछ को उनके पद से हटाकर नई जगह भेजा गया है।

कोतवाली-बारादरी में बड़ा उलटफेर

सबसे अहम बदलाव शहर के प्रमुख थानों में देखने को मिला है। बारादरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय को अब कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, कोतवाल रहे सुरेश चंद्र गौतम को इज्जतनगर थाने की कमान सौंपी गई है। इज्जतनगर के प्रभारी रहे विजेंद्र सिंह को बारादरी थाना प्रभारी बनाकर नई जिम्मेदारी दी गई है।

क्राइम ब्रांच और कैंट में नई तैनाती

क्राइम ब्रांच से संजय कुमार धीर को कैंट थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, कैंट के प्रभारी रहे राजेश कुमार को क्राइम ब्रांच इन्वेस्टिगेशन विंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शीशगढ़ थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह को साइबर सेल में भेजा गया है, जिससे साइबर अपराधों पर शिकंजा कसने की तैयारी दिख रही है।

सुभाषनगर-शीशगढ़ में भी बदलाव

सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह को शीशगढ़ का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, सुभाषनगर थाने में इंस्पेक्टर क्राइम के पद पर तैनात सतीश कुमार को उसी थाने का इंस्पेक्टर बनाकर जिम्मेदारी दी गई है।

दो थानेदार हटे, नए चेहरों की एंट्री

किला थाना प्रभारी सुभाष कुमार और भमोरा थाना प्रभारी सनी चौधरी को कार्यकाल पूरा होने और दूसरे जिले में स्थानांतरण के चलते हटा दिया गया है। उनकी जगह नए अधिकारियों को तैनात किया गया है।

बहेड़ी, किला, भमोरा में नई कमान

एएचटीयू प्रभारी संतोष कुमार सिंह को किला थाना प्रभारी बनाया गया है। बहेड़ी इंस्पेक्टर पवन कुमार को भमोरा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, साइबर थाने के प्रभारी दिनेश शर्मा को बहेड़ी थाने की कमान सौंपी गई है। एएचटीयू में दरोगा मनोज कुमार चतुर्वेदी को प्रभारी बनाया गया है।

आंवला-बिथरी में भी अदला-बदली

पुलिस लाइन से इंस्पेक्टर बीनू चौधरी को आंवला थाना प्रभारी बनाया गया है। आंवला के प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह को साइबर थाना भेजा गया है। राजेश बाबू मिश्रा को विशारतगंज से बिथरी चैनपुर और चंद्रप्रकाश शुक्ला को बिथरी से विशारतगंज थाना प्रभारी बनाया गया है।

कानून व्यवस्था मजबूत करने की कवायद

एसएसपी अनुराग आर्य का यह बड़ा फेरबदल जिले की कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नए तैनात अधिकारियों से बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।