रेलवे ट्रैक पर मिली मौलाना तौसीफ रजा की लाश के मामले ने अब बड़ा मोड़ ले लिया है। बिहार से आई उनकी पत्नी तबस्सुम खातून सोमवार को सीधे बरेली जंक्शन पहुंचीं और जीआरपी थाने में हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दे दी।
बरेली। रेलवे ट्रैक पर मिली मौलाना तौसीफ रजा की लाश के मामले ने अब बड़ा मोड़ ले लिया है। बिहार से आई उनकी पत्नी तबस्सुम खातून सोमवार को सीधे बरेली जंक्शन पहुंचीं और जीआरपी थाने में हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दे दी। अब वह एसपी सिटी मानुष पारीक से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगी।
तबस्सुम खातून ने जीआरपी बरेली जंक्शन में दिए प्रार्थना पत्र में साफ कहा है कि उनके पति मौलाना तौसीफ रजा की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रेन के डिब्बे में कुछ लोगों ने उनके पति के साथ मारपीट की और बाद में उन्हें चलती ट्रेन से फेंक दिया।
पत्नी के मुताबिक, 26 अप्रैल की रात करीब 9:45 बजे उनके पति ने फोन कर बताया था कि ट्रेन में कुछ लोग उन्हें पीट रहे हैं। तबस्सुम ने तत्काल वीडियो कॉल ऑन कर दी, जिसमें उन्होंने कई लोगों को अपने पति के साथ मारपीट करते देखा। उन्होंने इस घटना का करीब 30 सेकंड का ऑडियो और 2 मिनट 53 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड भी किया। इसके कुछ देर बाद तौसीफ का मोबाइल बंद हो गया। अगली सुबह करीब 9:30 बजे एक मैसेज मिलने के बाद जब तबस्सुम ने फोन मिलाया तो पुलिस ने कॉल रिसीव कर उनके पति की गंभीर हालत की जानकारी दी। बाद में परिजनों को बताया गया कि तौसीफ की मौत हो चुकी है। परिवार के सदस्य बरेली पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को बिहार ले जाकर अंतिम संस्कार किया।
परिवार का कहना है कि तौसीफ ही घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। ऐसे में उनकी मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। पत्नी ने साफ कहा कि यह घटना सामान्य नहीं है, बल्कि ट्रेन में मौजूद लोगों ने मारपीट कर हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश की है। जीआरपी में तहरीर देने के बाद तबस्सुम खातून अब एसपी सिटी मानुष पारीक से मिलेंगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू की जाएगी और अगर कोई साक्ष्य मिलता है तो मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।