बरेली

मोहर्रम के जुलूस के दौरान ताजिये में लगी आग, 18 लोग झुलसे

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुआ हादसा

2 min read
Oct 01, 2017
Muharram juloos tazia caught fire
Muharram juloos tazia caught fire

बरेली। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते बहेड़ी में मोहर्रम के जुलूस के दौरान ताजिये में भीषण आग लग गयी। जिससे कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए और ताजिया जलकर राख हो गया। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी और पीएचसी भेजा गया है। गंभीर रूप से झुलसे ताजियेदारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ऐसे हुआ हादसा
रविवार को खिरना निवासी ताजियेदार तेजनगर होते हुए ताजिया लेकर रिछा जा रहे थे। तेजनगर नहर के पास बिजली हाईटेंशन लाइन के तार काफी नीचे झूल रहे थे। जिन्हें ताजियेदारों ने लकड़ी से ऊपर उठाने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों तार आपस में मिल गए और आग की चिंगारी ताजिये पर गिरी। जिससे ताजिया धूं धूं कर जलने लगा और आग की चपेट में पांच बच्चों समेत 18 लोग झुलस गए। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी और पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर रूप से झुलसे पांच लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

ये लोग झुलसे
झुलसने वाले सभी खिरनी के निवासी बताये जा रहे हैं। जिनमें जीशान (30), रियाजुद्दीन (5), गुलफिशा (7), आरिफ (22), मोहम्मद उवैस (16), तौसीफ (15), मुशरफ अली (22), आरिफ(19), अफसर (19), रासिद अहमद (35), अशफाक अहमद (17), बाबू खां (22), अरशद (8), जाकिर अली (22), जुवैर (6), अश्कारा (8), बाबू शाह (21), यूनिस (16) समेत 18 लोग शामिल हैं।

मच गई भगदड़
ताजिए में आग लगने के बाद मोहर्रम के जुलूस में भगदड़ मच गई। भगदड़ में गिरने से भी कई लोग घायल हुए। घटना के सम्बंध में एडीएम प्रशासन एसपी सिंह में बताया कि ताजिए के रूट में तार नीचे होने की बात पहले भी सामने आई थी और जुलूस के दौरान बिजली की सप्लाई रोकने की मांग की गई थी लेकिन जुलूस के दौरान बिजली की सप्लाई नहीं रोकी गयी। बिजली का तार हटाने के दौरान ये हादसा हुआ है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इस मामले में जांच कराकर दोषियों के खिलाफ़ कार्रवाई की जाएगी।

पहले हुई थी शिकायत
हाईटेंशन लाइन के तार नीचे होने की बात पहले भी मीटिंग में उठाई गई थी। लेकिन बिजली विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। जिससे मोहर्रम के जुलूस के दौरान हादसा हो गया और 18 लोग झुलस गए।

Published on:
01 Oct 2017 08:25 pm