मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। सप्ताह में चलने वाली मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम स्पेशल ट्रेन अब नियमित कर दी गई है। इसके साथ ही टिकट व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया गया है—अब स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (STBA) टिकट बेचेंगे, जिससे यात्रियों को आसानी और संभावित रूप से सस्ते विकल्प मिल सकेंगे।
बरेली। मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। सप्ताह में चलने वाली मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम स्पेशल ट्रेन अब नियमित कर दी गई है। इसके साथ ही टिकट व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया गया है—अब स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (STBA) टिकट बेचेंगे, जिससे यात्रियों को आसानी और संभावित रूप से सस्ते विकल्प मिल सकेंगे।
अब तक 09075/09076 नंबर से चल रही यह स्पेशल ट्रेन अब नियमित कर दी गई है। रेलवे ने इसे नए नंबर 21907/21908 के साथ स्थायी रूप से चलाने का फैसला किया है। मुंबई सेंट्रल से यह ट्रेन हर बुधवार सुबह 10:55 बजे रवाना होकर अगले दिन 13:50 बजे काठगोदाम पहुंचेगी। वहीं काठगोदाम से गुरुवार शाम 5:30 बजे चलकर शुक्रवार रात 9 बजे मुंबई पहुंचेगी।
यह ट्रेन हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे, जिससे यात्रियों को ज्यादा सीट उपलब्ध होंगी और भीड़ का दबाव कम होगा।
रेलवे ने बड़ा बदलाव करते हुए बरेली सिटी, कासगंज और लालकुआं स्टेशनों पर टिकट बेचने के लिए स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (STBA) नियुक्त करने का फैसला लिया है।
ये एजेंट UTS सिस्टम से अनारक्षित टिकट बेचेंगे और बिक्री के आधार पर कमीशन पाएंगे—
1 से 20 हजार तक बिक्री पर 25% कमीशन
20 हजार से 1 लाख तक पर 15%
1 लाख से ज्यादा पर 2%
इससे टिकट काउंटर की भीड़ कम होगी और यात्रियों को तेजी से टिकट मिल सकेगा।
रेलवे ने एजेंट बनने के इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे हैं। 15 अप्रैल तक इज्जतनगर मंडल कार्यालय में आवेदन करना होगा। हर स्टेशन और हर काउंटर के लिए अलग आवेदन देना होगा और चयन नियमों के आधार पर किया जाएगा।
बरेली-नई दिल्ली इंटरसिटी को कासगंज तक बढ़ाने की योजना पर भी काम चल रहा है, लेकिन इसमें तकनीकी अड़चन सामने आई है। ट्रेन के मेंटीनेंस के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा, इसलिए इसके संचालन के लिए दो रैक जरूरी होंगे। रेलवे इस पर जल्द फैसला ले सकता है।
मुंबई-काठगोदाम ट्रेन के नियमित होने से जहां लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी, वहीं एजेंट सिस्टम लागू होने से टिकट मिलना भी आसान होगा। रेलवे के इस डबल फैसले से बरेली समेत पूरे क्षेत्र के यात्रियों को सीधा फायदा मिलने जा रहा है।