बरेली

आंधी-बारिश से पहले नगर निगम का एक्शन: 9 एजेंसियों को नोटिस, 7 दिन में जमा करें सेफ्टी सर्टिफिकेट वरना होगी कार्रवाई

प्री-मानसून में संभावित आंधी-तूफान और बारिश को देखते हुए नगर निगम ने शहर में बड़े विज्ञापन ढांचों पर सख्ती शुरू कर दी है। निगम प्रशासन ने 9 प्रमुख विज्ञापन एजेंसियों को नोटिस जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

2 min read
Apr 09, 2026

बरेली। प्री-मानसून में संभावित आंधी-तूफान और बारिश को देखते हुए नगर निगम ने शहर में बड़े विज्ञापन ढांचों पर सख्ती शुरू कर दी है। निगम प्रशासन ने 9 प्रमुख विज्ञापन एजेंसियों को नोटिस जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तीन दिन पहले बदायूं रोड पर यूनिपोल गिरने की घटना ने नगर निगम को सतर्क कर दिया है। इस घटना के बाद नगर आयुक्त के निर्देश पर विज्ञापन प्रभारी राजीव कुमार राठी ने शहरभर में लगे विज्ञापन ढांचों की जांच के आदेश जारी किए हैं।

हर स्ट्रक्चर की जांच, 7 दिन में रिपोर्ट अनिवार्य

नोटिस में यूनिपोल, होर्डिंग, कैण्टीलीवर, रूफटॉप, सिंगल पोल, गेट एंट्री और बस क्यू शेल्टर समेत सभी विज्ञापन संरचनाओं की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी एजेंसियों को अधिकृत स्ट्रक्चर इंजीनियर से प्रमाणित स्ट्रक्चर सेफ्टी सर्टिफिकेट लेकर 7 दिनों के भीतर नगर निगम में जमा करना होगा। नगर निगम ने मैसर्स प्रकाश आर्ट स्टूडियो, प्रकाश संस एजेंसी, इम्पैक्ट, सैलबैल मीडिया सर्विस, एडटैक प्रिंट एंड मीडिया, क्रिएटिव एडवरटाइजर्स और एडमेकर सहित कई बड़ी एजेंसियों को नोटिस जारी किया है। इन सभी से उनके द्वारा लगाए गए विज्ञापन ढांचों की मजबूती और डिजाइन मानकों के अनुरूप स्थिति की रिपोर्ट मांगी गई है।

हादसा हुआ तो एजेंसी होगी जिम्मेदार

विज्ञापन प्रभारी राजीव कुमार राठी ने साफ चेतावनी दी है कि यदि किसी विज्ञापन संरचना के गिरने से कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित एजेंसी की होगी। ऐसे मामलों में नुकसान की भरपाई के साथ-साथ संबंधित थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। नगर निगम का कहना है कि आंधी और तेज बारिश के दौरान कमजोर विज्ञापन ढांचे गिरने से जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है और यातायात भी बाधित होता है। इसी को देखते हुए यह कार्रवाई की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित हादसे को पहले ही रोका जा सके।

Also Read
View All