बरेली

नगर निगम का अतिक्रमण पर प्रहार, सड़कों से हटा कब्जा, दोहराने वालों का सामान जब्त, 3.55 लाख का जुर्माना भी वसूला

शहर की सड़कों पर फैले अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम ने सोमवार को कड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने कालीबाड़ी से लेकर ईसाईयों की पुलिया तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। सड़क किनारे लगे ठेले, खोमचे और दुकानें हटाई गईं। जिन लोगों ने पहले भी कब्जा किया था और फिर से वही गलती दोहराई, उनका सामान जब्त कर लिया गया।
less than 1 minute read
Oct 13, 2025
Feature image

बरेली। शहर की सड़कों पर फैले अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम ने सोमवार को कड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने कालीबाड़ी से लेकर ईसाईयों की पुलिया तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। सड़क किनारे लगे ठेले, खोमचे और दुकानें हटाई गईं। जिन लोगों ने पहले भी कब्जा किया था और फिर से वही गलती दोहराई, उनका सामान जब्त कर लिया गया।

सुबह से ही नगर निगम की टीम जेसीबी और ट्रक लेकर मौके पर पहुंची तो अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने खुद ही अपने ठेले और सामान हटाना शुरू कर दिया। टीम ने बताया कि सितंबर में तीन लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया था, जबकि 10 अक्टूबर तक 55 हजार रुपये का जुर्माना और लगाया गया है। राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कुछ लोगों ने दोबारा सड़क पर कब्जा कर लिया था। ऐसे लोगों के खिलाफ अब सख्ती की जा रही है।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि अतिक्रमण की वजह से नालों की सफाई में दिक्कत और ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा शहर को व्यवस्थित और साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। दोबारा कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। निगम अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान रोजाना अलग-अलग इलाकों में चलाया जाएगा ताकि दीपावली से पहले शहर की सड़कों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जा सके।