बकाया संपत्ति कर की वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। गुरुवार को निगम की कर वसूली टीमों ने चारों जोनों में एक साथ कार्रवाई करते हुए कर न जमा करने वाले भवन स्वामियों के खिलाफ सीलिंग अभियान चलाया। तय समय सीमा के बावजूद कर जमा न करने पर कुल 39 भवनों को सील कर दिया गया।
बरेली। बकाया संपत्ति कर की वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। गुरुवार को निगम की कर वसूली टीमों ने चारों जोनों में एक साथ कार्रवाई करते हुए कर न जमा करने वाले भवन स्वामियों के खिलाफ सीलिंग अभियान चलाया। तय समय सीमा के बावजूद कर जमा न करने पर कुल 39 भवनों को सील कर दिया गया।
अभियान के दौरान नगर निगम को बड़ी सफलता मिली। कार्रवाई के बीच कई भवन स्वामियों ने मौके पर ही बकाया कर जमा किया। पूरे अभियान में नगर निगम को कुल 15.95 लाख रुपये की टैक्स वसूली हुई, जिसे निगम कोष में जमा कराया गया।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि जोन-1 और जोन-2 के अंतर्गत महेशपुर अटरिया, पंजाबपुरा, छिपीटोला साहूकारा, पुलकाजी, किला छावनी, बजरिया पूरनमल और सराय खाम जैसे इलाकों में कार्रवाई की गई। इन क्षेत्रों में बकाया कर न चुकाने पर 12 भवनों को सील किया गया। इस दौरान 6.79 लाख रुपये की धनराशि निगम कोष में जमा कराई गई।
इसी तरह जोन-3 और जोन-4 में भी सख्त रुख देखने को मिला। सूफी टोला, सहसवानी टोला, खड़ी टोला, हजियापुर, आवास विकास, नंदन वन कॉलोनी, सिद्धार्थ नगर, परतापुर जीवन सहाय, दीनदयाल पुरम और शहदाना कॉलोनी (मॉडल टाउन) सहित कई इलाकों में 27 भवनों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस जोन में की गई कार्रवाई से 9.15 लाख रुपये की वसूली हुई।
नगर निगम ने साफ शब्दों में चेताया है कि बकाया संपत्ति कर की वसूली के लिए आगे भी इसी तरह सख्त अभियान चलाया जाएगा। निगम अधिकारियों ने भवन स्वामियों से अपील की है कि वे समय रहते अपना बकाया टैक्स जमा कर दें, अन्यथा सीलिंग जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।