कैंट थाना क्षेत्र में इंटरफेथ शादी के बाद पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया। युवक प्रियांशु सिंह ने घर में जहर खा लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में इंटरफेथ शादी के बाद पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया। युवक प्रियांशु सिंह ने घर में जहर खा लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गांव चौबारी निवासी प्रियांशु सिंह ने दोपहर करीब एक बजे जहर खा लिया। घटना के समय घर में मौजूद परिजनों ने हालत बिगड़ती देख तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। परिवार की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन मौखिक रूप से सुबह हुए पति-पत्नी के विवाद की बात सामने आई है।
जांच में सामने आया कि प्रियांशु ने दूसरे समुदाय की युवती सफीना से शादी की थी। बीते 20 अप्रैल को सफीना ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि प्रियांशु नशे में उसके साथ मारपीट करता है और गाली-गलौज करता है, जिससे वह खुद को असुरक्षित महसूस करती है। उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग भी की थी। पत्नी की शिकायत के बाद 29 अप्रैल को प्रियांशु ने भी अपनी पत्नी के खिलाफ तहरीर दी थी। उसने आरोप लगाया था कि पत्नी बच्चे का धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बना रही है और संपत्ति अपने नाम कराने की धमकी देती है। दोनों पक्षों के आरोपों ने विवाद को और गहरा कर दिया था।
पुलिस ने दोनों पक्षों को एक मई को जनसुनवाई में बुलाकर समझौता कराया था। उस समय मामला शांत होता दिखा, लेकिन घर के अंदर तनाव खत्म नहीं हुआ। शुक्रवार को फिर झगड़ा हुआ और प्रियांशु ने यह कदम उठा लिया। कैंट थाना प्रभारी का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन दोनों परिवारों से पूछताछ कर घटना की असल वजह सामने लाई जाएगी।