बरेली

नैनीताल रोड पर जूता-चप्पल की दुकान में लगी आग, उठती लपटों से दहला इलाका, सड़क पर मच गई भगदड़

इज्जतनगर क्षेत्र में नैनीताल रोड पर रविवार दोपहर जूता-चप्पल की टीन शेड दुकान में अचानक भीषण आग भड़क गई। आग की ऊंची लपटों और धुएं से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर हाई प्रेशर वाटर मिस्ट से आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की दुकानें जलने से बच गईं।
2 min read
May 24, 2026
fire news
आग बुझाती टीम

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर नैनीताल रोड पर सड़क किनारे बनी टीन शेड की जूता-चप्पल दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें आसमान छूने लगीं और दुकान से निकलता काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। आग लगते ही आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों से सामान समेटकर बाहर भागने लगे।

चंद मिनटों में राख होने लगी दुकान

स्थानीय लोगों के मुताबिक दुकान के भीतर अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखे जूते-चप्पल और प्लास्टिक का सामान आग पकड़ते ही धू-धू कर जलने लगा। टीन शेड होने की वजह से अंदर गर्मी और धुआं तेजी से भर गया। लोगों ने बाल्टियों और पाइप से आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। आग की भयावह लपटें देखकर नैनीताल रोड पर गुजर रहे राहगीरों में भी दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

हाई प्रेशर वाटर मिस्ट से बुझाई गई आग

दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचते ही मोर्चा संभाला और तेजी से पाइप लाइन बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हाई प्रेशर वाटर मिस्ट तकनीक का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। राहत की बात यह रही कि आग आसपास की दूसरी दुकानों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई की वजह से आग को तेजी से नियंत्रित कर लिया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।