भमोरा थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी का शव उसके ही घर के आंगन में नीम के पेड़ पर लटका मिला। सुबह होते-होते पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोरी का शव उसके ही घर के आंगन में नीम के पेड़ पर लटका मिला। सुबह होते-होते पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
थाना क्षेत्र के मकरंदपुर ताराचंद निवासी जफर अली की चार बेटियों में दूसरी नंबर की सबनूर गुरुवार रात अपनी बहनों के साथ खाना खाने के बाद कमरे में सो गई थी। परिवार के मुताबिक सब कुछ सामान्य था और किसी तरह के विवाद या तनाव की बात सामने नहीं आई। लेकिन देर रात करीब तीन बजे जब जफर अली घोड़े को चारा डालने के लिए उठे, तो आंगन में खड़े नीम के पेड़ पर बेटी का शव रस्सी से लटका देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
घटना देखकर जफर अली ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से किशोरी के शव को तुरंत नीचे उतारा गया। घटना की सूचना मिलते ही भमोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया।
परिजनों का आरोप है कि किशोरी की पीठ पर चोट के निशान थे, जबकि गले पर रस्सी का गहरा दबाव दिख रहा था। इन परिस्थितियों ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है। पिता का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों ही एंगल पर जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।