अब बिजली सिर्फ स्विच से नहीं, मोबाइल के मैसेज से चलेगी। शहर में तेजी से लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए नई चुनौती और नई व्यवस्था लेकर आए हैं।
बरेली। अब बिजली सिर्फ स्विच से नहीं, मोबाइल के मैसेज से चलेगी। शहर में तेजी से लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए नई चुनौती और नई व्यवस्था लेकर आए हैं। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम साफ कह चुका है कि पांच बार SMS अलर्ट के बाद भी रीचार्ज नहीं किया तो बिना सूचना बिजली कट जाएगी।
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बैलेंस की स्थिति पर 5 बार SMS अलर्ट भेजता है।
इसके बाद भी तीन दिन में रीचार्ज नहीं कराया तो सीधे कनेक्शन कट जाएगा।
बरेली में अब तक करीब 1.5 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। विभाग की योजना है कि अगले एक साल में बाकी 7 लाख पुराने पोस्टपेड मीटर भी स्मार्ट मीटर में बदल दिए जाएंगे।
अब नया बिजली कनेक्शन लेने पर सीधे प्रीपेड स्मार्ट मीटर ही लगाया जा रहा है। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने साफ कहा कि उपभोक्ता SMS को नजरअंदाज न करें, समय पर रीचार्ज कराएं, वरना बिजली कटना तय है। उन्होंने बताया कि पोस्टपेड मीटर को भी जल्द ही सर्वर के जरिए प्रीपेड मोड में बदला जाएगा, जिसकी सूचना पहले ही SMS से दी जाएगी।
कई उपभोक्ताओं की शिकायत सामने आई कि उन्हें SMS नहीं मिल रहा। जांच में पता चला कि
पुराने या बंद मोबाइल नंबर सिस्टम में दर्ज हैं। ऐसे में उपभोक्ता तुरंत अपना नंबर UPPCL की वेबसाइट (uppcl.org.in) पर जाकर अपडेट कर सकते हैं, वरना बिना जानकारी के बिजली कट सकती है।
स्मार्ट मीटर की सबसे बड़ी राहत यह है कि रीचार्ज के 30 मिनट के भीतर बिजली स्वतः चालू हो जाएगी। कोई RCDC (रीकनेक्शन चार्ज) नहीं देना होगा यानी अब लाइनमैन के इंतजार की झंझट खत्म, लेकिन रीचार्ज में देरी की कोई गुंजाइश नहीं।