पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, जनपद बरेली की समीक्षा बैठक प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें संगठन को और मजबूत करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए।
बरेली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, जनपद बरेली की समीक्षा बैठक प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें संगठन को और मजबूत करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि अब संगठन में निष्क्रियता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
बैठक में उन पदाधिकारियों का विशेष रूप से स्वागत किया गया, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी में नए दायित्व मिले हैं। सभी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन ने इसे व्यापार मंडल की सक्रियता और प्रभाव का परिणाम बताया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला, महानगर और सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों का गठन जल्द किया जाएगा। साथ ही जो पदाधिकारी लंबे समय से निष्क्रिय हैं, उन्हें पद से मुक्त किया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री मुकुल अग्रवाल ने कहा कि व्यापार मंडल का हर पदाधिकारी ईमानदारी और सक्रियता के साथ काम करता है। यही वजह है कि देश की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा में संगठन के लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिल रही हैं। उन्होंने जल्द ही जिला और महानगर कमेटी गठन के निर्देश दिए। वहीं मंडल अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने कहा कि जल्द ही बरेली मंडल का भ्रमण कार्यक्रम तय किया जाएगा, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर और सक्रिय बनाया जा सके।
जिला अध्यक्ष सुधीश पांडेय ने दो टूक कहा कि निष्क्रिय पदाधिकारी अब बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिला और महानगर के समन्वय से जल्द नई कार्यकारिणी बनाई जाएगी। साथ ही जनपद में एक बड़े कार्यक्रम के आयोजन की भी घोषणा की गई। वहीं प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि व्यापार मंडल एक अराजनीतिक संगठन है और हमेशा व्यापारी हित में कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में अंकित शुक्ला (जिला महामंत्री, बरेली), राजू उपाध्याय (जिला महामंत्री, आंवला), संजय चौहान (जिला मंत्री), कैलाश शर्मा (नगर अध्यक्ष, फतेहगंज पश्चिम) को भाजपा में नियुक्ति पर सम्मानित किया गया। बैठक में महानगर अध्यक्ष अजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष पंकज कपूर, जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र पांडेय, संतोष पटेल, मनोज खंडेलवाल, संयुक्त महामंत्री दिनेश सोलंकी, जिला मंत्री नरेश कश्यप, नरेंद्र सिंह, संगठन मंत्री वेद प्रकाश शर्मा, ऋषभ अग्रवाल, कमल मिश्रा, संजीव शुक्ला (नगर अध्यक्ष फरीदपुर), शिवम शर्मा (नगर अध्यक्ष रिठौरा) सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।