बरेली

टोल पर अब नहीं चलेंगे नोट, फास्टैग में बैलेंस नहीं तो बैरियर से ही लेना पड़ेगा यू-टर्न, जाने नियम और बढ़ा किराया है क्या

हाईवे पर सफर करने वालों के लिए बड़ा बदलाव लागू हो गया है। शुक्रवार से नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पूरी तरह कैश फ्री कर दिए गए हैं।

2 min read
Apr 10, 2026

बरेली। हाईवे पर सफर करने वालों के लिए बड़ा बदलाव लागू हो गया है। शुक्रवार से नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पूरी तरह कैश फ्री कर दिए गए हैं। अब वाहन चालकों को सिर्फ फास्टैग या यूपीआई के जरिए ही भुगतान करना होगा। अगर किसी वाहन में फास्टैग में बैलेंस नहीं है और यूपीआई का विकल्प भी नहीं है, तो टोल पार करना नामुमकिन होगा, उन्हें सीधे वापस लौटना पड़ेगा।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (National Highways Authority of India) ने 10 अप्रैल से देशभर के टोल प्लाजा पर कैश भुगतान पर पूरी तरह रोक लगा दी है। इसका सीधा असर बरेली से गुजरने वाले हाईवे ट्रैफिक पर भी पड़ा है। अब हर वाहन को डिजिटल मोड से ही टोल चुकाना होगा।

फास्टैग खाली तो यूपीआई आखिरी विकल्प

टोल प्रबंधन के अनुसार यदि फास्टैग में बैलेंस नहीं है, तो वाहन चालक यूपीआई स्कैन कर भुगतान कर सकते हैं। लेकिन अगर दोनों ही विकल्प उपलब्ध नहीं हैं, तो टोल बैरियर नहीं खुलेगा और वाहन को वापस लौटना पड़ेगा। यानी अब बिना तैयारी के हाईवे पर निकलना भारी पड़ सकता है।

  • पहले ही बढ़ चुकी हैं टोल दरें
  • एक अप्रैल से ही टोल टैक्स में बढ़ोतरी लागू हो चुकी है। नई दरों के अनुसार:
  • कार/जीप/वैन: 135 से बढ़कर 140 रुपये (रिटर्न 210 रुपये)
  • हल्के व्यावसायिक वाहन: 225 रुपये (रिटर्न 340 रुपये)
  • बस/ट्रक: 475 रुपये (रिटर्न 710 रुपये)
  • थ्री-एक्सल वाहन: 515 रुपये (रिटर्न 775 रुपये)
  • मल्टी-एक्सल वाहन: 745 रुपये (रिटर्न 1115 रुपये)

टोल महंगा होने का असर अब परिवहन निगम के किराए पर भी दिखने लगा है, जहां बस किराए में 1 से 3 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई है।

लभेड़ा टोल पर दरें स्थिर, नियम वही

बरेली-पीलीभीत मार्ग पर स्थित लभेड़ा टोल प्लाजा पर फिलहाल दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन यहां भी भुगतान के लिए डिजिटल सिस्टम ही लागू रहेगा। टोल प्रबंधन ने साफ किया है कि बिना डिजिटल पेमेंट के आगे बढ़ना संभव नहीं होगा।

अधिकारियों की चेतावनी

परियोजना निदेशक ने स्पष्ट कहा है कि सभी टोल प्लाजा अब कैशलेस मोड में काम करेंगे। वाहन चालकों को पहले से फास्टैग रिचार्ज या यूपीआई तैयार रखना होगा, वरना यात्रा बीच में ही रुक सकती है।

Also Read
View All