बरेली

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इंग्लिश मेथोडिस्ट चर्च में गूंजी नारी शक्ति की आराधना, महिलाओं ने की प्रार्थना सभा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर के इंग्लिश मेथोडिस्ट चर्च में रविवार को विशेष आराधना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें चर्च की महिला सदस्यों ने पूरी आराधना का संचालन कर नारी शक्ति, समर्पण और सेवा के संदेश को प्रमुखता से प्रस्तुत किया।

2 min read
Mar 08, 2026

बरेली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर के इंग्लिश मेथोडिस्ट चर्च में रविवार को विशेष आराधना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें चर्च की महिला सदस्यों ने पूरी आराधना का संचालन कर नारी शक्ति, समर्पण और सेवा के संदेश को प्रमुखता से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान प्रभु स्तुति के गीतों, प्रार्थनाओं और प्रेरक संदेशों के माध्यम से महिलाओं की भूमिका और योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया गया।

स्तुति गीतों और प्रस्तुति से गूंजा चर्च

विशेष आराधना के दौरान प्रभु की स्तुति में भजन और गीत प्रस्तुत किए गए। राजीव पॉल ने अपने मधुर स्वर में स्तुति गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं चर्च की महिला सदस्यों ने सुंदर प्रस्तुतियों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के इतिहास और महत्व को भी बताया।

महिलाओं की भूमिका और समर्पण पर हुई विशेष चर्चा

आराधना के दौरान चर्च और समाज में महिलाओं की भूमिका, उनकी सेवा भावना और योगदान पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं ने परिवार, समाज और चर्च के विकास में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आज का दिन उनके सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक है।
जेन थॉमस ने सुनाया प्रभु का वचन
कार्यक्रम के दौरान जेन थॉमस ने प्रभु का वचन साझा करते हुए चर्च और समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रभु के मार्ग पर चलकर महिलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं और आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित कर सकती हैं।

पादरी शिव चन्द ने की विशेष प्रार्थना

आराधना के अंत में पादरी शिव चन्द ने सभी महिलाओं के लिए विशेष प्रार्थना की और उनके समर्पण व सेवा भाव की सराहना करते हुए सम्मान स्वरूप प्रशंसा कार्ड प्रदान किए। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज और चर्च की मजबूत आधारशिला हैं और उनका योगदान सदैव प्रेरणादायक रहेगा। चर्च की इस विशेष आराधना में रोनिका, प्रतिभा, दीपिका, एस्थर, अनीता सहित कई महिला सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन रमौना मैसी द्वारा किया गया।

Also Read
View All

अगली खबर