
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। गांव पनवड़िया के पास बहगुल और भाखड़ा नदी के संगम में नहाने गए चार बच्चे अचानक गहरे पानी में बहने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़ पड़े और जान जोखिम में डालकर तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि 12 वर्षीय प्रवीन कुमार नदी की तेज धारा में बह गया और उसका अब तक पता नहीं चल सका है।
जानकारी के मुताबिक गांव रहपुरा जागीर निवासी चार बच्चे—प्रवीन कुमार, दीपक, बॉबी और विपिन (उम्र करीब 10 से 12 वर्ष)—रविवार दोपहर अपने गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर पनवड़िया के पास बहगुल और भाखड़ा नदी के संगम पर नहाने पहुंचे थे। दोपहर करीब तीन बजे चारों बच्चे नदी में उतरे ही थे कि अचानक गहरे पानी और तेज बहाव में फंसकर बहने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़ पड़े। कई ग्रामीणों ने नदी में छलांग लगाकर दीपक, उसके भाई विपिन और गांव के ही बॉबी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन प्रवीन कुमार तेज धारा में बह गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और प्रवीन की तलाश शुरू की। काफी देर तक नदी में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
सूचना पर थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों से दोबारा तलाश कराई। जब सफलता नहीं मिली तो एसडीएम मीरगंज आलोक कुमार सिंह को सूचना देकर एसडीआरएफ टीम बुलाने का आग्रह किया गया। एसडीएम आलोक कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि लापता बच्चे की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है और नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। उधर, प्रवीन के नदी में लापता होने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और बच्चे के सकुशल मिलने की दुआ करते रहे। पूरे इलाके में इस घटना से शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।
Published on:
08 Mar 2026 06:27 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
