
बदायूं। होली के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले परिवहन निगम के संविदाकर्मियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। 56 चालक और 27 परिचालक छुट्टियां रद होने के बावजूद ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। मामले को गंभीरता से लेते हुए निगम अधिकारियों ने उनकी संविदा समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, पड़ोसी जिले पीलीभीत में भी संविदा पर तैनात पांच चालक और पांच परिचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
शासन ने 28 फरवरी को आदेश जारी कर होली के मद्देनजर परिवहन निगम के सभी चालक-परिचालकों की छुट्टियां रद कर दी थीं। त्योहार के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए सभी कर्मचारियों को ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद बदायूं डिपो के 56 संविदा चालक और 27 संविदा परिचालक 28 फरवरी से ही ड्यूटी से गायब हो गए और अब तक वापस नहीं लौटे।
एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि अन्य कर्मचारियों की मेहनत की बदौलत होली के दौरान बदायूं डिपो को 2.13 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी है। इस बार करीब 76 हजार अधिक यात्रियों ने रोडवेज बसों से सफर किया। उन्होंने कहा कि यदि अनुपस्थित चालक और परिचालक भी ड्यूटी पर मौजूद रहते तो आय और बढ़ सकती थी।
एआरएम के अनुसार अनुपस्थित 56 चालक और 27 परिचालकों की संविदा समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बदायूं डिपो में फिलहाल नियमित चालकों की संख्या 17 और परिचालकों की 11 है। वहीं संविदा पर 299 चालक, 252 परिचालक और 41 महिला संविदा परिचालक तैनात हैं।
इसी तरह पीलीभीत जिले में भी होली के दौरान ड्यूटी से गैरहाजिर रहे पांच चालक और पांच परिचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। निगम अधिकारियों ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार के बाद शनिवार को सड़क पर चल रही रोडवेज बसों की चेकिंग भी की गई। एआरटीओ ने कई बसों को रोककर चालकों की जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई चालक नशे की हालत में बस न चला रहा हो। जांच में कोई चालक नशे में नहीं पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए समय-समय पर इस तरह की चेकिंग की जाती रहती है।
Published on:
08 Mar 2026 04:45 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
