9 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पति से फोन पर विवाद के बाद नर्स की मौत… अस्पताल के कमरे में मिला शव, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका

बारादरी थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को अस्पताल परिसर में बने नर्स आवास के कमरे में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

2 min read
Google source verification

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को अस्पताल परिसर में बने नर्स आवास के कमरे में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला पति से फोन पर विवाद के बाद अवसाद में आकर जहरीला पदार्थ खाने का प्रतीत हो रहा है।

बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि रविवार दोपहर पीलीभीत बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल से नर्स की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि 30 वर्षीय प्रियंका देवी की मौत हो चुकी है। वह अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी और अस्पताल परिसर के पीछे बने नर्स आवास में रहती थी।

सुबह ड्यूटी पर गई सहकर्मी, लौटने पर हुआ खुलासा

प्रियंका के साथ रहने वाली दूसरी नर्स आस्था ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे वह ड्यूटी पर चली गई थी। उस समय प्रियंका कमरे में सो रही थी क्योंकि उसकी रात की ड्यूटी थी। दोपहर करीब 12 बजे जब आस्था वापस लौटी तो प्रियंका कमरे में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार प्रियंका मूल रूप से शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर बंजरिया निवासी सुनील कुमार की पत्नी थी। सुनील भी एक निजी अस्पताल में कर्मचारी बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था।

रात में हुई लंबी बातचीत, फिर नंबर किया ब्लॉक

इंस्पेक्टर ने बताया कि शनिवार रात दोनों के बीच फोन पर लंबी बातचीत हुई थी। इसके बाद पति ने प्रियंका का नंबर ब्लॉक कर दिया था। पुलिस को आशंका है कि इसी घटना के बाद प्रियंका ने अवसाद में आकर कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया होगा। हालांकि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।