बरेली

ऑनलाइन फ्रॉड: कोरियर कंपनी की फर्जी फ्रेंचाइजी के नाम पर युवक से 6.5 लाख की ठगी, एफआईआर दर्ज

कोरियर कंपनी की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने फरीदपुर निवासी युवक से 6.5 लाख रुपये की ठगी कर डाली। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित युवक ने साइबर क्राइम पोर्टल के साथ साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

less than 1 minute read
Jun 22, 2025

बरेली। कोरियर कंपनी की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने फरीदपुर निवासी युवक से 6.5 लाख रुपये की ठगी कर डाली। ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित युवक ने साइबर क्राइम पोर्टल के साथ साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

फरीदपुर क्षेत्र के मोहल्ला परा, साईं मंदिर के पास रहने वाले रितिक सक्सेना पुत्र प्रदीप कुमार सक्सेना को 8 सितंबर 2024 को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को डलास ई-कॉम इन्फोटेक प्रा. लि. नामक लॉजिस्टिक कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उसकी कंपनी कोरियर सेवाएं देती है और वह उसकी फ्रेंचाइजी लेकर अच्छा मुनाफा कमा सकता है।

कॉलर ने रितिक को पांच साल के एग्रीमेंट, ऑफिस किराया, बिजली बिल और स्टाफ की व्यवस्था कंपनी की ओर से कराने की बात कही। भरोसा दिलाने के बाद आरोपी ने फ्रेंचाइजी के नाम पर रजिस्ट्रेशन शुल्क और अन्य खर्चों के रूप में अलग-अलग किश्तों में कुल 6,50,000 रुपये जमा करा लिए। रकम भेजने के बाद जब रितिक ने दोबारा उस मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो फोन स्विच ऑफ मिला। काफी प्रयासों के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसे ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद रितिक ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उसकी रकम वापस दिलाई जाए। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल को मामले की जानकारी दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन स्कीम या कॉल पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जानकारी जुटाएं और बिना सत्यापन के किसी भी खाते में रकम ट्रांसफर न करें।

Also Read
View All

अगली खबर