बरेली

कैफे में घुसकर संगठन के कार्यकर्ताओं का हंगामा, युवक-युवती से मारपीट, जान बचाने को खिड़की से कूदे दोनों, 8 पर एफआईआर

खुद को किसी संगठन से जुड़ा बताने वाले कुछ युवकों ने कैफे में घुसकर हंगामा किया, वीडियो बनाना शुरू कर दिया और अभद्र व्यवहार किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि जान बचाने के लिए युवक और उसकी महिला मित्र को खिड़की से कूदना पड़ा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

2 min read
Jan 25, 2026
फोटो सोर्स: एआई

शाहजहांपुर। शहर के एक कैफे में पिज्जा खाने पहुंचे युवक और युवती के साथ दबंगई का मामला सामने आया। खुद को किसी संगठन से जुड़ा बताने वाले कुछ युवकों ने कैफे में घुसकर हंगामा किया, वीडियो बनाना शुरू कर दिया और अभद्र व्यवहार किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि जान बचाने के लिए युवक और उसकी महिला मित्र को खिड़की से कूदना पड़ा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुवायां क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के अनुसार, वह शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अपनी महिला मित्र के साथ थाना कांट स्थित एक पिज्जा रेस्टोरेंट में गया था। पिज्जा उपलब्ध न होने पर दोनों ने मैगी का ऑर्डर दिया। इसी दौरान सात-आठ युवक अचानक रेस्टोरेंट में घुस आए और खुद को किसी संगठन का सदस्य बताते हुए पहचान पत्र मांगने लगे।

वीडियो बनाकर की गई अभद्रता

आरोप है कि आरोपियों ने बिना किसी कारण युवक-युवती का वीडियो बनाना शुरू कर दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस हरकत से महिला मित्र बुरी तरह घबरा गई। माहौल बिगड़ता देख उसने खिड़की से छलांग लगा दी। उसे बचाने के प्रयास में युवक भी खिड़की से कूद गया। खिड़की से कूदने के कारण युवक और युवती दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

तीन नामजद, कई अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

पीड़ित युवक की तहरीर पर पुलिस ने प्रवेश, सोनू और हर्षित समेत चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कांट थाना प्रभारी राकेश मौर्या ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। कैफे में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में आक्रोश है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Also Read
View All

अगली खबर