पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती के फैसले पर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।
बरेली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती के फैसले पर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने इस निर्णय को आम जनता को राहत देने वाला बड़ा कदम बताया और कहा कि इससे महंगाई पर सीधा असर पड़ेगा।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि जीएसटी में 10 रुपये की कमी से पेट्रोल-डीजल सस्ता होगा, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इसे जनहित में लिया गया मजबूत और प्रभावी निर्णय बताया।
उन्होंने बताया कि ईंधन सस्ता होने से परिवहन लागत कम होगी। इसका सीधा फायदा किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को मिलेगा। साथ ही बाजार में रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम नियंत्रित रहने की संभावना बढ़ेगी। मंत्री ने कहा कि इस फैसले से खेती-किसानी में लगने वाली लागत कम होगी, जिससे किसानों को राहत मिलेगी। वहीं युवाओं और मध्यम वर्ग के लिए भी यह कदम राहत भरा साबित होगा।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जो देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ आम जनता को राहत देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार की प्राथमिकता साफ है—जनता को महंगाई से राहत देना और देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना। यह फैसला उसी दिशा में एक अहम कदम है।