शहर में ‘मिनरल वाटर’ के नाम पर जहर बेचने वाले गैंग का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। इज्जतनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की करीब 68 लाख रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्ति जब्त कर दी है।
बरेली। शहर में ‘मिनरल वाटर’ के नाम पर जहर बेचने वाले गैंग का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। इज्जतनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की करीब 68 लाख रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्ति जब्त कर दी है। लंबे समय से चल रहे इस खेल पर पुलिस की यह कार्रवाई सीधा प्रहार मानी जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मिनरल वाटर की आड़ में नकली और अस्वच्छ पानी की सप्लाई कर रहे थे। यह पानी शहर के अलग-अलग इलाकों में बेचा जा रहा था, जिससे लोगों की सेहत के साथ खुला खिलवाड़ हो रहा था। गैंग ने इसे बाकायदा एक संगठित धंधे का रूप दे रखा था।
इस गैंग का नेटवर्क सिर्फ बरेली तक सीमित नहीं था, बल्कि अन्य जिलों तक भी फैला हुआ था। जांच में सामने आया कि महिलाओं के नाम पर फर्जी कनेक्शन और यूनिट चलाकर कारोबार को छिपाया जा रहा था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अलग-अलग थानों में इनके खिलाफ पहले से गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके बावजूद यह गैंग बेखौफ होकर अपना अवैध कारोबार चला रहा था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की करीब 68,00,594 रुपये की अवैध संपत्ति को जब्त किया है। इसमें नकद, उपकरण और अन्य संसाधन शामिल हैं, जो इस अवैध धंधे से अर्जित किए गए थे।