
बरेली। यात्रियों को नशा देकर लूटने वाले कुख्यात जहरखुरान को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बरेली जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 6250 रुपये नकद और 60 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। पकड़ा गया आरोपी बदायूं जिले के अलापुर थाना क्षेत्र के गांव दियोरारा निवासी बबलू है, जो पहले भी कई जहरखुरानी की घटनाओं में जेल जा चुका है।
शुक्रवार को रेलवे स्टेशन बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर संदिग्धों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली। जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में आरोपी बबलू को दबोच लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि वह तीन महीने पहले बरेली में हुई जहरखुरानी की वारदात में भी शामिल था।
पुलिस के मुताबिक, बबलू यात्रियों को पहले विश्वास में लेकर उन्हें नशीला पदार्थ खिलाता था, फिर बेहोशी का फायदा उठाकर उनका सामान और नकदी लूट लेता था। आरोपी के खिलाफ हरदोई और बदायूं में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा, दरोगा संजीव कुमार, अनुराग प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल रामेन्द्र कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार, मो. आलम और आरपीएफ के दरोगा सुनील दत्त चौबे व कांस्टेबल सचिन शर्मा शामिल रहे। टीम की इस कार्रवाई से 19 जुलाई की पुरानी जहरखुरानी की गुत्थी भी सुलझ गई।