सोशल मीडिया पर तमंचे से हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले रेस्टोरेंट मालिक पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। वायरल वीडियो के आधार पर भोजीपुरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की, लेकिन तमंचा बरामद न होने पर उसका शांति भंग में चालान कर दिया गया।
बरेली। सोशल मीडिया पर तमंचे से हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले रेस्टोरेंट मालिक पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। वायरल वीडियो के आधार पर भोजीपुरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की, लेकिन तमंचा बरामद न होने पर उसका शांति भंग में चालान कर दिया गया। हालांकि पुलिस ने साफ कर दिया है कि मामला यहीं खत्म नहीं हुआ है। अब आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर तमंचा बरामद किया जाएगा।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक युवक का तमंचे से खुलेआम फायरिंग करते हुए वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी की पहचान मढ़ीनाथ निवासी कार्तिक शर्मा के रूप में की, जो दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर “80s Dug Out” नाम से रेस्टोरेंट संचालित करता है।
भोजीपुरा पुलिस ने बिना देर किए दबिश देकर मंगलवार रात को आरोपी को उसके रेस्टोरेंट से ही गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, लेकिन आरोपी के पास से तमंचा बरामद नहीं हो सका। इस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका शांति भंग में चालान कर दिया।
तमंचा बरामद न होने के बावजूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और दहशत फैलाने से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में स्पष्ट रूप से फायरिंग दिखाई दे रही है, जिससे आमजन में भय का माहौल बना।
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर उससे तमंचे की बरामदगी कराई जाएगी। इसके लिए अलग से टीम लगाई गई है, जो आरोपी के ठिकानों और संभावित संपर्कों को खंगाल रही है। पुलिस का मानना है कि तमंचा कहीं छिपाया गया है, जिसे जल्द बरामद किया जाएगा।
इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल तक पहुंची थी, जिसमें आरोपी की दबंगई और संदिग्ध गतिविधियों का जिक्र किया गया था। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है, जिससे आगे और कड़ी कार्रवाई की तैयारी है।पूछताछ में आरोपी ने वीडियो को पुराना बताते हुए गलती मान ली, लेकिन पुलिस का रुख सख्त है। भोजीपुरा इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने साफ कहा कि अवैध हथियारों के प्रदर्शन और दहशत फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।