बरेली

इन बदमाशों ने लूटा ज्वैलरी शो रूम, स्केच जारी

लोगों से अपील की है कि स्केच में दिखने वाले संदिग्धों को कहीं भी देखने पर पुलिस को सूचना दें।
2 min read
• •
Updated: 5 Jun 2018, 7:51 PM IST
Police Issued Sketch
इन बदमाशों ने लूटा ज्वैलरी शो रूम, स्केच जारी

बरेली। पीलीभीत हाइवे पर ज्वैलरी शो रूम को लूटने वाले बदमाशों का 24 घण्टे बाद भी कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस इस मामले में अभी भी खाली हाथ है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने लूट में शामिल दो बदमाशों के स्केच जारी किए हैं और लोगों से अपील की है कि स्केच में दिखने वाले संदिग्धों को कहीं भी देखने पर पुलिस को सूचना दें। वहीं दिन दहाड़े हुई इस लूट के बाद व्यापारी दशहत में हैं और व्यापार मंडल ने पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है। प्रदेश के डीजीपी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अफसरों को जल्द से जल्द घटना के खुलासे के निर्देश दिए हैं।

क्या था मामला

आकाशपुरम की रहने वाली शबनम खातून का बारादरी थाना क्षेत्र के पीलीभीत हाइवे पर टॉप कैरेट नाम से ज्वैलरी का शो रूम है। सोमवार को दोपहर में शो रूम में उनके पार्टनर का भाई और माँ दो अन्य कर्मचारियों के साथ शो रूम में मौजूद थे। उसी समय तीन बदमाश शो रूम में दाखिल हुए और सभी को हथियारों के दम पर बंधक बनाकर शो रूम में लूट पाट कर फरार हो गए। बदमाश पकड़े जाने के डर से सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर भी अपने साथ ले गए वही जल्दबाजी में सोने के गहनों से भरा एक बैग मौके पर ही छूट गया। शो रूम मालिक का कहना है कि उनके यहां करीब एक करोड़ रुपये की लूट हुई है हालांकि एसएसपी कलानिधि नैथानी का कहना है कि शो रूम से 30 से 40 लाख रुपये का माल बदमाश ले गए हैं।

हर कोई हैरान

फिल्मी स्टाईल में दिन दहाड़े हुई लूट की इस वारदात से हर कोई हैरान है क्योंकि जहां पर लूट हुई है वो पीलीभीत हाइवे है जिस पर 24 घण्टे ट्रैफिक रहता है साथ ही शो रूम से कुछ दूरी पर ही सेटेलाइट बस अड्डा है जहां पुलिस मौजूद रहती है इसके अलावा दूसरी तरफ रुहेलखण्ड पुलिस चौकी है इन सबके बीच दिन दहाड़े लूट होने से हर कोई हैरान है न सिर्फ आम जनता बल्कि पुलिसकर्मी भी लूट की इस घटना से हैरत में है।

सुराग देने वाले को मिलेगा इनाम

बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई है और दो बदमाशों के स्कैच जारी किए गए है बरेली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वो इन बदमाशों का पुलिस को सुराग दे। बदमाशों का सुराग देने वाले कि पहचान गुप्त रखी जाएगी और उसे बड़ा इनाम दिया जाएगा।

Published on: