
बरेली। देश कैशलैस इकॉनमी की तरफ बढ़ रहा है, जिसमें डाकघर बेहतरीन भूमिका अदा कर रहे हैं। अब पोस्टआॅफिस में भी दूसरी बैंकों की तरह पैसा निकाला और डाला जा सकता है। साथ ही अब डाकघरों में ATM की सुविधा भी शुरू की गई है। पोस्ट आॅफिस से ATM बनवाकर किसी भी बैंक के एटीएम के जरिये पैसा निकाला जा सकता है।
एटीएम से निकाल सकते हैं रुपये
इस बारे में प्रवर अधीक्षक रामेश्वर दयाल ने बताया कि अब बैंकों की तरह सारी सुविधाएं डाकघरों में भी मिलेंगी। फिलहाल ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 365 डाकघर हैं वहीं 66 शहरी क्षेत्र में हैं। सभी जगह डाकघर कोर बैंकिंग सेवा से युक्त यानी सीबीएस हो गए हैं। बैंकों की तरह पोस्ट आॅफिस के खातों की भी आॅल इंडिया में कहीं भी पैसों की निकासी की जा सकती है। खाता धारक मिनी स्टेटमेंट निकाल सकता है और बैलेंस चेक कर सकता है। सभी बैंकों से डाकघरों का कोलेबोरेशन हो चुका है। डाकघर के एटीएम से सभी बैंकों के एटीएम मशीन में काम करेंगे और सभी बैंकों के एटीएम पोस्टआॅफिस के एटीएम मशीन में काम करेंगे। यानी डाक घर का पैसा बैंक एटीएम और बैंक का पैसा डाकघर एटीएम से निकाल सकते हैं। ये सुविधा शुरू हो चुकी है।
बरेली पीलीभीत में खुल चुके 11 लाख खाते
प्रवर अधीक्षक ने बताया कि पीलीभीत और बरेली मिलाकर अब तक करीब 11 लाख खाते खोले जा चुके हैं। अभी पीलीभीत और बरेली में एटीएम पोस्ट आॅफिस की तर्ज पर एटीएम खोले जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पोस्ट आॅफिस के खातों में ब्याज भी बैंकों से ज्यादा है। फिलहाल चालू खाते पर चार प्रतिशत का ब्याज है। उनका कहना है कि हमारी कोशिश है कि जल्द ही ज्यादा से ज्यादा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनता से जुडें। सरकार से भी पोस्ट आॅफिस को इस पहल पर प्रोत्साहन मिल रहा है। डाकघरों का भी अब विस्तार किया जा रहा है। रिजर्व बैंक भी अब इंडिया पोस्ट को बैंक के रूप में मान्यता देने की तैयारी कर रहा है।