
बरेली। देशभर में क्रिसमस पर्व की धूम मची हुई है। स्कूलों में भी क्रिसमस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ज्यादातर कान्वेंट स्कूलों में ही क्रिसमस के कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, लेकिन बरेली में एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में भी क्रिसमस के एक दिन पहले क्रिसमस डे मनाया गया। अपने बीच सांता क्लॉज को पाकर बच्चे खुशी से झूम उठे।
गांव में भी मना क्रिसमस
शहर से सटे क्यारा ब्लाक का प्राथमिक विद्यालय लखोरा किसी भी मामले में कान्वेंट स्कूलों से कम नही है। स्कूल की प्रधानाध्यापिका नीता जोशी और अन्य शिक्षिकाओं मिति भाटिया, गीता और पूजा ने इस सरकारी स्कूल की तस्वीर बदल दी है। यहां के बच्चे किसी भी मामले में कान्वेंट के बच्चों से पीछे नही है। क्रिसमस के अवसर पर इस सरकारी स्कूल में भी कान्वेंट स्कूल की तर्ज पर क्रिसमस के कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सैंटा क्लॉल बनकर पहुंचे बच्चे
स्कूल के छात्र सुबह सुबह सैंटा क्लॉज बन कर स्कूल पहुंचे और कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जिसके बाद सैंटा क्लॉज बने बच्चे गांव मे घूमे। सैंटा बने बच्चों ने लोगो को उपहार बाटे व छोटे बच्चों के साथ खेल खेला व टॉफियां बांटी। छोटे बच्चों को सैंटा बना देख गांव के लोगों में भी खूब उत्साह दिखा।
क्रिसमस के बारे में दी जानकारी
स्कूल की प्रधानाध्यापिका नीता जोशी ने बच्चों को क्रिसमस के बारे मे जानकारी दी और कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चो मे हर धर्म के त्योहारो के प्रति जानकारी रहती है। इस तरह की एक्टिविटी से बच्चों के मन मे पढ़ाई के प्रति भी उत्सुकता रहती है।
शहर में क्रिसमस की धूम
क्रिसमस के त्योहार को लेकर शहर में जश्न का माहौल है। शहर के सभी चर्चों में विशेष सजावट की गई है। क्रिसमस के अवसर पर चर्च में विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।