बरेली

पॉश इलाकों में गरजा बुलडोजर… सिविल लाइंस-रामपुर गार्डन में फुटपाथ और पार्किंग से उखड़े कब्जे, जुर्माना भी वसूला

शहर के पॉश इलाकों में फैले अतिक्रमण पर गुरुवार को नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। सिविल लाइंस, रामपुर गार्डन समेत कई प्रमुख सड़कों पर फुटपाथ और पार्किंग पर कब्जा जमाए दुकानदारों का सामान हटवाया गया, जबकि जुर्माना भी वसूला गया।

less than 1 minute read
Apr 16, 2026

बरेली। शहर के पॉश इलाकों में फैले अतिक्रमण पर गुरुवार को नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। सिविल लाइंस, रामपुर गार्डन समेत कई प्रमुख सड़कों पर फुटपाथ और पार्किंग पर कब्जा जमाए दुकानदारों का सामान हटवाया गया, जबकि जुर्माना भी वसूला गया। कार्रवाई से दिनभर अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा।

शहर की मुख्य सड़कों पर फुटपाथ पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में हैं। विकास भवन मार्ग, चौकी चौराहे से पटेल चौक, गांधी उद्यान मार्ग और वर्कशॉप लाइन जैसे इलाकों में दुकानदारों ने फुटपाथों पर कब्जा जमा रखा था। हालात ऐसे हो गए थे कि पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरना पड़ रहा था, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ रहा था।

पार्किंग तक पर कब्जा, दिनभर लगा रहता जाम

स्थिति सिर्फ फुटपाथ तक सीमित नहीं रही, बल्कि पार्किंग स्थल भी अतिक्रमण की भेंट चढ़ गए। पीएफ ऑफिस के बाहर बने फुटपाथ और पार्किंग क्षेत्र में ठेले, चाय-जूस की दुकानें और स्टॉल खड़े कर दिए गए थे। इससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। नगर आयुक्त संजीव मौर्य के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने चौकी चौराहे से गांधी उद्यान तक अभियान चलाया। बुलडोजर की मदद से अवैध कब्जों को हटाया गया और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

नोकझोंक के बीच सख्त कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर अतिक्रमणकारियों ने विरोध भी किया और टीम से नोकझोंक हुई, लेकिन निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए किसी की नहीं सुनी। मौके पर ही सामान जब्त किया गया और कुल 12 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद ने साफ कहा कि शहर में सड़क और फुटपाथ पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Also Read
View All