रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों के फेरों में इजाफा कर दिया है। बरेली से होकर गुजरने वाली मऊ-अंबाला कैंट, कटिहार-अमृतसर और मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम स्पेशल ट्रेनों के संचालन अवधि को बढ़ाया गया है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बरेली। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई स्पेशल ट्रेनों के फेरों में इजाफा कर दिया है। बरेली से होकर गुजरने वाली मऊ-अंबाला कैंट, कटिहार-अमृतसर और मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम स्पेशल ट्रेनों के संचालन अवधि को बढ़ाया गया है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता के अनुसार 05736 कटिहार-अमृतसर स्पेशल का संचालन एक अप्रैल से 27 मई तक प्रत्येक बुधवार को किया जाएगा। वहीं, 05735 अमृतसर-कटिहार स्पेशल तीन अप्रैल से 29 मई तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। दोनों ट्रेनों को नौ-नौ फेरों के लिए बढ़ाया गया है। कटिहार से चलने वाली ट्रेन बरेली में गुरुवार रात 23:05 बजे पहुंचेगी, जबकि अमृतसर से आने वाली ट्रेन शुक्रवार को 23:07 बजे बरेली पहुंचेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 05301/05302 मऊ-अंबाला कैंट-मऊ स्पेशल का संचालन भी बढ़ाया गया है। यह ट्रेन मऊ से दो अप्रैल से 16 जुलाई तक हर गुरुवार को और अंबाला कैंट से तीन अप्रैल से 17 जुलाई तक हर शुक्रवार को चलेगी। मऊ से आने वाली ट्रेन बरेली जंक्शन से 15:02 बजे गुजरेगी, जबकि अंबाला कैंट से आने वाली ट्रेन बरेली से 10:40 बजे होकर जाएगी।
इज्जतनगर मंडल के सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा के अनुसार 09075 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम स्पेशल एक से 29 अप्रैल तक प्रत्येक बुधवार को और 09076 काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल स्पेशल दो से 30 अप्रैल तक प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी।
यह ट्रेन पूर्व निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही चलेगी। वहीं रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल-लौकहा बाजार स्पेशल ट्रेन के संचालन को भी बढ़ा दिया है। 04014 आनंद विहार से चलने वाली ट्रेन का संचालन दो अप्रैल तक और 04013 लौकहा बाजार से चलने वाली ट्रेन का संचालन तीन अप्रैल तक जारी रहेगा।
रेलवे ने सिर्फ फेरे ही नहीं बढ़ाए, बल्कि कुछ स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने का भी फैसला लिया है। टनकपुर-अछनेरा और मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम ट्रेन को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नियमित होने पर यात्रियों को किराए में कमी और समय पालन में सुधार का लाभ मिलेगा। हालांकि, इन ट्रेनों के नियमित संचालन की तिथि अभी तय नहीं की गई है और फिलहाल ये स्पेशल के रूप में ही चल रही हैं।