बरेली

स्वास्थ्य विभाग की पहल, टीबी के खात्मे में धर्मगुरु करेंगे मदद

टीबी की बीमारी के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अनूठी पहल शुरू की है।
2 min read
• •
Updated: 26 Feb 2018, 3:17 PM IST
Feature image

बरेली। टीबी (क्षय रोग) जैसी बीमारी के खात्मे के लिए लिए भारत सरकार अभियान चला रही है। बरेली में 24 फरवरी से टीबी के मरीजों को खोजने के लिए अभियान भी शुरू हो चुका है। जिसका उद्देश्य है कि टीबी के मरीज को खोज कर उसका इलाज प्रारंभ किया जा सके और इस गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सके। टीबी की बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अनूठी पहल शुरू की है। अब धर्मगुरुओं की मदद से लोगों को टीबी जैसी बीमारी के बारे में न केवल बताया जाएगा बल्कि उसके इलाज की भी जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने धर्मगुरुओं से बातचीत शुरू कर दी है। विभाग की कोशिश है कि पुजारी और मौलवी की मदद से लोगों के मन की भ्रांतियां दूर की जाएं और उनको बेहतर इलाज मुहैया कराया जा सके।


10 मार्च तक चलेगा अभियान
जिले में इस समय करीब 7600 टीबी के मरीज हैं। जिनका इलाज चल रहा है। 24 फरवरी से शुरू 'एक्टिव केस फाइडिंग' अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों के बलगम का सैंपल ले रही है। लैब में उनकी जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट में जिनमें टीबी की बीमारी होने की पुष्टि होगी, उनका रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। फिर उनका इलाज शुरू होगा। अभियान 10 मार्च तक चलेगा। इस अभियान में विभाग धर्मगुरुओं की मदद लेने जा रहा है। मंदिरों, मस्जिदों से लोगों को जागरुक किया जाएगा। विभाग ने धर्मगुरुओं से बातचीत की है। कई धर्मगुरुओं ने इसमें सहमति दे दी है। मंदिरों में पूजा और मस्जिदों में नमाज के बाद लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव और डाट्स दवा के बारे में बताया जाएगा। टीबी के मरीजों को करीब छह माह तक लगातार दवा का सेवन करना होता है। बीच में दवा बंद करने पर बीमारी का खतरा और बढ़ जाता है। पुजारी और मौलवी लोगों को दवा का पूरा कोर्स करने के लिए प्रेरित करेंगे।


सबसे ज्यादा टीबी के मरीज यूपी में
टीबी एक गंभीर बीमारी है, जो लंबे समय से जन सामान्य के स्वास्थ्य के लिए समस्या बनी हुई है। 21वीं सदी के लिए ये बीमारी एक गंभीर चुनौती है। जिला क्षय रोग अधिकारी सुधीर कुमार गर्ग ने बताया कि अभी भी पूरे विश्व में करीब 14 लाख लोगों की मृत्यु हर साल इसी बीमारी के कारण होती है। जिसमें अकेले 4.8 लाख मरीज भारत के है। विश्व के टीबी मरीजों की संख्या का एक चौथाई हिस्सा भारत में है। देश के टीबी मरीजों की संख्या का पांचवा भाग उत्तर प्रदेश में है।


क्षय रोग के लक्षण
दो सप्ताह या उससे अधिक समय से लगातार खांसी आना।
खांसी के साथ बलगम में खून आना।
शाम को बढ़ने वाला बुखार आना।
वजन का घटना एवं भूख कम लगना।

Published on: