शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बीडीए सेटेलाइट से बड़ा बाइपास तक 10 लेन चौड़ी सड़क का निर्माण कराने जा रहा है। करीब 130 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का काम बैरियर दो से शुरू हो गया है। बीडीए इसे मॉडल रोड के रूप में विकसित कर रहा है।
बरेली। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बीडीए सेटेलाइट से बड़ा बाइपास तक 10 लेन चौड़ी सड़क का निर्माण कराने जा रहा है। करीब 130 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का काम बैरियर दो से शुरू हो गया है। बीडीए इसे मॉडल रोड के रूप में विकसित कर रहा है।
पहले इस मार्ग को आठ लेन चौड़ा बनाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए योजना में बदलाव किया गया। अब सड़क को 10 लेन का बनाया जाएगा। दोनों ओर पांच-पांच लेन होंगी, जिससे भारी वाहनों और सामान्य ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
बीडीए के अनुसार, सेटेलाइट से एयरपोर्ट की दूरी करीब 10 किलोमीटर और बड़ा बाइपास की दूरी लगभग 12 किलोमीटर है। सड़क चौड़ी होने के बाद शहरवासी यह दूरी महज 10 मिनट में तय कर सकेंगे। इससे रोजाना जाम में फंसने की परेशानी से राहत मिलेगी। मुख्य सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा, ताकि स्थानीय ट्रैफिक प्रभावित न हो। इसके अलावा सड़क के दोनों तरफ सीसी इंटरलॉकिंग और आरसीसी ड्रेन बनाई जाएंगी। इन्हीं ड्रेनों में बिजली और संचार सेवाओं से संबंधित केबल डाली जाएंगी।
यातायात को निर्बाध बनाने के लिए प्रमुख चौराहों पर अंडरपास और ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इससे वाहन चालकों को सिग्नल पर रुकने से राहत मिलेगी और सफर और अधिक सुगम होगा। बीडीए सेटेलाइट से बैरियर दो तक जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी करेगा। कार्यादेश जारी होने के बाद काम तेज़ी से शुरू किया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण से पहले दोनों ओर से अतिक्रमण हटाया जाएगा। फिलहाल इस हिस्से में सड़क संकरी होने के कारण दिनभर जाम लगा रहता है।
सड़क चौड़ीकरण से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। एयरपोर्ट से शहर पहुंचने में कम समय लगने से पर्यटकों को शहर भ्रमण के लिए अधिक समय मिलेगा। पीलीभीत टाइगर रिजर्व और चूका बीच जाने वाले पर्यटकों को भी सुविधा होगी। इससे शहर की आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।